न्यूयॉर्क में पंजाबी युवक और अमेरिकी दंपति के बीच सड़क पर मारपीट, नस्लीय टिप्पणी के बाद बढ़ा विवाद; वीडियो वायरल
अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी में एक पंजाबी युवक और अमेरिकी दंपति के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत कथित नस्लीय टिप्पणी को लेकर हुई, जिसके बाद बहस देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
वायरल वीडियो में शुरुआत में एक अमेरिकी महिला और पुरुष एक युवक से बहस करते दिखाई देते हैं। इसी दौरान एक पंजाबी युवक बीच-बचाव के लिए आता है और दोनों को शांत कराने की कोशिश करता है। हालांकि, विवाद शांत होने के बजाय और बढ़ जाता है।
वीडियो में दिखाई देता है कि कुछ देर बाद बहस तेज हो जाती है। आरोप है कि पंजाबी युवक पहले अपनी भाषा में गाली देता है और फिर सड़क के बीच ही दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो जाती है। इसी दौरान पंजाबी युवक का एक अन्य साथी भी मौके पर पहुंच जाता है।
इसके बाद स्थिति और बिगड़ जाती है। वीडियो में पंजाबी युवक अमेरिकी व्यक्ति को लगातार कई थप्पड़ मारता हुआ दिखाई देता है। जब अमेरिकी व्यक्ति की पत्नी बीच-बचाव के लिए आगे आती है, तो उसके साथ भी धक्का-मुक्की होती है और उसे पीछे हटने के लिए कहा जाता है।
वीडियो में अमेरिकी व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ हुए व्यवहार पर आपत्ति जताता है, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर कहासुनी और मारपीट शुरू हो जाती है। फिलहाल, घटना को लेकर स्थानीय पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की गई है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।