पंजाब सरकार ने महिलाओं को दी बड़ी सौगात, 1100 करोड़ रुपये किए ट्रांसफर; वीडियो में जाने जनरल वर्ग को ₹3,000 और SC महिलाओं को ₹4,500 मिले
पंजाब सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए आज 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के खातों में करीब 1100 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने गृह जिले संगरूर के धूरी से इस योजना की शुरुआत की।
इस योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को प्रति माह 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
पहली बार तीन महीने की राशि एक साथ जारी
सरकार ने पहली बार तीन महीने (जुलाई, अगस्त और सितंबर) की किस्त एक साथ जारी की है। इसके तहत:
- सामान्य वर्ग की महिलाओं के खातों में 3,000 रुपये ट्रांसफर किए गए।
- SC वर्ग की महिलाओं को 4,500 रुपये की राशि एकमुश्त मिली।
40 लाख महिलाओं ने कराया पंजीकरण
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि अब तक करीब 40 लाख महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने वादे के अनुसार महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है और यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई है।
सभा में महिला को मिला पहला मैसेज
कार्यक्रम के दौरान एक भावुक पल भी देखने को मिला। सभा में मौजूद एक महिला के मोबाइल पर 4,500 रुपये जमा होने का संदेश आया। वह मंच पर पहुंची और अपना मोबाइल मुख्यमंत्री को दिखाया।
सीएम मान ने मोबाइल पर आया संदेश पढ़ते हुए कहा, "4500 रुपए आ गए जी।" इसके बाद महिला ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, "मेरी चार बेटियां हैं, उनका खर्च तो निकलेगा ही।" इस पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर
राज्य सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और घरेलू जरूरतों में सहयोग देना है। सरकार के मुताबिक, आने वाले समय में भी योजना का लाभ पात्र महिलाओं को नियमित रूप से मिलता रहेगा।