अमेरिका-भारत ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली कूच पर पंजाब के किसान, वीडियो में जाने शंभू और खनौरी बॉर्डर सील; भारी पुलिस बल तैनात
अमेरिका और भारत के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में पंजाब के किसानों ने दिल्ली कूच शुरू कर दिया है। मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में किसान दिल्ली स्थित किसान घाट जाने के लिए पंजाब-हरियाणा सीमा पर पहुंच गए। किसानों के आंदोलन को देखते हुए हरियाणा पुलिस ने शंभू बॉर्डर और खनौरी बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया है। दोनों जगहों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के संयोजक सरवण पंधेर के नेतृत्व में किसान शंभू और खनौरी बॉर्डर पर जुटे हैं। किसानों का कहना है कि अमेरिका-भारत ट्रेड डील का असर कृषि क्षेत्र पर पड़ सकता है, इसलिए वे अपनी मांगों को लेकर दिल्ली पहुंचना चाहते हैं। हालांकि, हरियाणा प्रशासन ने किसानों को सीमा पार करने की अनुमति नहीं दी है।
दोनों बॉर्डर पर बढ़ाई गई सुरक्षा
किसानों के दिल्ली कूच की जानकारी मिलते ही हरियाणा पुलिस ने पटियाला-अंबाला के बीच स्थित शंभू बॉर्डर और संगरूर-जींद के बीच बने खनौरी बॉर्डर पर बैरिकेडिंग कर दी। दोनों सीमाओं को बंद कर दिया गया है। पुलिस ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त जवानों की तैनाती की है।प्रशासन ने बॉर्डर पर जेसीबी मशीनें भी तैनात कर दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसान वहां अस्थायी या स्थायी ढांचा बनाने की कोशिश करते हैं तो उसे तुरंत हटाया जाएगा।
बॉर्डर पर ही बैठ गए किसान, मोर्चा लगाने की तैयारी
हरियाणा पुलिस की कार्रवाई के बाद किसान दोनों बॉर्डर पर ही धरने पर बैठ गए हैं। किसानों की ओर से यहां स्थायी मोर्चा लगाने की तैयारी की जा रही है। आंदोलनकारियों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ना चाहते हैं।किसानों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है। अंबाला पुलिस ने इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू कर दी है। इसके तहत लोगों के एकत्र होने पर पाबंदी लगाई गई है।
बैरिकेड से दूरी बनाए रखने की अपील
अंबाला पुलिस ने किसानों को बैरिकेड से कम से कम 100 मीटर की दूरी बनाए रखने की चेतावनी दी है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करने को कहा गया है।
शंभू बॉर्डर बंद होने से हाईवे प्रभावित
शंभू बॉर्डर बंद किए जाने का असर यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा है। जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए हरियाणा पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है।फिलहाल दोनों बॉर्डर पर स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन और पुलिस अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं किसान अपनी मांगों को लेकर बॉर्डर पर डटे हुए हैं। आने वाले समय में आंदोलन किस दिशा में जाएगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।