×

Agriculture bill 2020: पंजाब में किसानों का प्रदर्शन, कहा-कृषि बिल को मंजूर नहीं करेंगे

 

संसद में सरकार की ओर से लाए गए कृषि विधेयकों के खिलाफ किसान सड़कों पर उतर आए हैं। शनिवार को किसानों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। किसानों ने चेताया कि अगर जबरन विधेयक थोपा गया तो इसे किसी भी हालत में मंजूर नहीं किया जाएगा। कृषि बिल का विरोध पंजाब से शुरू होकर पूरे देश में फैलाया जाएगा। इसकी वजह है कि किसानों का मालिक कॉरपोरेट सेक्टर को नहीं बनने दिया जाएगा।

किसान नेताओं का कहना है कि सरकार चाहे कोई भी रही हो वो किसानों के सामने नतमस्तक होती रही है। इस बार भी देश के किसान इस बिल को लेकर आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे। कृषि विधेयक के खिलाफ पूर्व सीएम प्रकाशसिंह बादल के घर के बाहर किसान 7 दिन से धरने पर बैठे हैं। शुक्रवार को यहां धरना स्थल पर एक किसान ने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के नेता शिंगार सिंह मान ने कहा कि लोकसभा में कृषि बिल के पारित होने से किसान परेशान है। उन्हें डर है कि इस बिल से किसानों को नुकसान हो सकता है।

नए किसान विधेयक के मुताबिक, अब व्यापारी मंडी से बाहर भी किसानों की फसल खरीद सकेंगे। पहले किसानों की फसल सिर्फ मंडी से ही खरीदी जा सकती थी। केंद्र ने अब दाल, आलू, प्याज और अनाज को आवश्यक वस्तु के नियम से बाहर कर इसकी स्टॉक सीमा खत्म कर दी है। इन दोनों के अलावा केंद्र सरकार ने कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग को बढ़ावा देनेकी भी नीति पर काम शुरू किया है।

Read More…
Film City Noida: CM योगी का बड़ा ऐलान, यूपी में बनाएंगे देश की सबसे बड़ी फिल्म सिटी
NIA Arrests Terrorists: एनआईए की बंगाल और केरल में छापेमारी, अलकायदा के 9 आतंकी गिरफ्तार