पंजाब में परगट सिंह को कांग्रेस की कमान, वीडियो में जाने यूपी में आराधना मिश्रा बनीं प्रदेश अध्यक्ष; राजा वड़िंग ने दिया इस्तीफा
कांग्रेस ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब और उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक बदलाव किया है। पार्टी ने जालंधर कैंट से विधायक और पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, उत्तर प्रदेश में रामपुर खास से विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कमान सौंपी गई है। दोनों राज्यों में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। पंजाब में परगट सिंह ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह ली है। वड़िंग ने शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर प्रदेश अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया था। यह मुलाकात राहुल गांधी के 10 जनपथ स्थित आवास पर हुई। वड़िंग ने बाद में अपने इस्तीफे को लेकर पार्टी के भीतर चल रहे घटनाक्रम पर अपनी बात रखी।
राजा वड़िंग ने सचिन पायलट पर क्या कहा
पद छोड़ने के बाद राजा वड़िंग ने पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट की भूमिका को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि पायलट शायद उन्हें पद से हटाना चाहते थे। हालांकि, वड़िंग ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके पास इस बात का कोई ठोस सबूत नहीं है। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट के पंजाब प्रभारी बनने के बाद उनकी उनसे सिर्फ एक बार मुलाकात हुई थी।वड़िंग ने बाद में परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई भी दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए शुभकामनाएं दीं।
कौन हैं परगट सिंह?
परगट सिंह राजनीति में आने से पहले भारतीय हॉकी के चर्चित खिलाड़ी और कप्तान रहे हैं। उन्होंने 1992 और 1996 के ओलंपिक खेलों में भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी की थी। खेलों में उनके योगदान के लिए उन्हें 1989 में अर्जुन पुरस्कार और 1998 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया।हॉकी के बाद परगट सिंह पंजाब पुलिस में एसपी के पद पर भी रहे। इसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और जालंधर कैंट से विधानसभा चुनाव जीतकर सक्रिय राजनीति में अपनी जगह बनाई। वह इस सीट से तीन बार विधायक रह चुके हैं।
यूपी में आराधना मिश्रा को जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने तीन बार की विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करती हैं और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी की बेटी हैं। वह 2014, 2017 और 2022 में रामपुर खास से विधानसभा चुनाव जीत चुकी हैं। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश संगठन में इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दी है। इसके अलावा देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी ने यूपी में संगठन को लेकर कई अन्य बदलाव भी किए हैं।दोनों राज्यों में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस का यह संगठनात्मक बदलाव महत्वपूर्ण है। पंजाब में परगट सिंह के सामने पार्टी संगठन के अलग-अलग धड़ों के बीच समन्वय की जिम्मेदारी होगी, जबकि उत्तर प्रदेश में आराधना मिश्रा के नेतृत्व में कांग्रेस को अपने संगठन को मजबूत करने की चुनौती रहेगी।