PM मोदी के पंजाब दौरे से पहले फिरोजपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पर लिखे गए आपत्तिजनक नारे, वीडियो में जाने पुलिस अलर्ट पर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित पंजाब दौरे से पहले फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। वीडियो में दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन के डिब्बों पर 'खालिस्तान जिंदाबाद' और 'मोदी मुर्दाबाद' जैसे आपत्तिजनक नारे लिखे दिखाई दे रहे हैं। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) की ओर से जारी किया गया है। वीडियो में संगठन से जुड़े गुरपतवंत सिंह पन्नू ने पंजाब में आतंकवाद के दौर के मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा का जिक्र करते हुए कथित एनकाउंटर मामलों का भी उल्लेख किया है। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, अज्ञात लोगों ने रात के अंधेरे में ट्रेन के डिब्बों पर ये नारे लिखे। रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 15 और 17 जुलाई को पंजाब के लुधियाना और जालंधर का दौरा प्रस्तावित है। कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन की नवनिर्मित इमारत का उद्घाटन कर सकते हैं। इसके अलावा चंडीगढ़ में भी चार विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने की संभावना है। अंतिम कार्यक्रम सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों के अनुसार तय किया जाएगा।
घटना के बाद फिरोजपुर समेत आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रेलवे स्टेशनों, सार्वजनिक स्थलों और प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से किसी भी भ्रामक या अपुष्ट वीडियो अथवा संदेश को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचने की अपील की गई है।