×

'मां, मुझे बेच दिया गया है... मुझे बचा लो', 18 वर्षीय युवती की कॉल से मचा हड़कंप; फुटेज में देंखे शूटिंग में काम दिलाने के बहाने ले जाने का आरोप

 

पंजाब के मोहाली से एक 18 वर्षीय युवती के कथित अपहरण और मानव तस्करी का मामला सामने आया है। युवती ने अपनी मां को फोन कर दावा किया कि उसे बेच दिया गया है और राजस्थान के एक गांव में बंधक बनाकर रखा गया है। कॉल के बाद से परिवार गहरे सदमे में है और बेटी की तलाश में दर-दर भटक रहा है।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/Cmi5L5zBi6c?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/Cmi5L5zBi6c/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने पंजाबी फिल्मों और म्यूजिक वीडियो में काम दिलाने का झांसा देकर उसकी बेटी को अपने साथ ले गई थी। इसके बाद से युवती लापता है।

'मां, मैं बहुत दुखी हूं... मुझे बेच दिया गया है'

पीड़िता की मां अंजू के अनुसार, उनकी बेटी वर्षा (18) ने कुछ समय पहले किसी दूसरे व्यक्ति के फोन से उन्हें कॉल किया। फोन पर उसने कहा,

"मां, मैं बहुत दुखी हालत में हूं। मनदीप कौर और उसके साथियों ने मुझे बेच दिया है। मुझे राजस्थान के गांव काकड़ा शिवपुरा में बंधक बनाकर रखा गया है। मेरे पास अपना फोन नहीं है, मैं किसी और के फोन से बात कर रही हूं।"

कॉल अचानक कट गई और उसके बाद से परिवार का युवती से कोई संपर्क नहीं हो पाया।

फिल्म शूटिंग में काम दिलाने का दिया था झांसा

मां का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली मनदीप कौर ने वर्षा को पंजाबी फिल्मों और गानों की शूटिंग में काम दिलाने का लालच दिया था। इसी बहाने 1 और 2 मई को उसे फिरोजपुर के गांव रत्ताखेड़ा ले जाया गया।

शुरुआती कुछ दिनों तक वर्षा की अपने परिवार से फोन पर बातचीत होती रही, लेकिन बाद में उसका मोबाइल बंद हो गया और वह पूरी तरह लापता हो गई।

'मकान खाली कर दुबई भाग गई आरोपी'

पीड़िता की मां का आरोप है कि मनदीप कौर और उसके 4-5 साथियों ने उनकी बेटी को बंधक बनाकर रखा हुआ है। उन्होंने यह भी दावा किया कि आरोपी महिला अब मोहाली स्थित अपना मकान खाली कर दुबई चली गई है।

मां ने बताया कि पति की पहले ही मौत हो चुकी है और अब वह अकेले अपनी बेटी की तलाश में अधिकारियों के चक्कर काट रही हैं।

परिवार ने लगाई न्याय की गुहार

परिजनों ने प्रशासन और पुलिस से युवती को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो युवती की जान को खतरा हो सकता है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल, युवती की लोकेशन, कॉल डिटेल और लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।