लाइव कॉन्सर्ट में जैस्मीन सैंडलस ने किया बड़ा खुलासा: स्टेज पर मंगेतर से मिलवाया, वीडियो में देंखे फैंस ने तालियों से किया स्वागत
पंजाबी सिंगर जैस्मीन सैंडलस ने अपने 'द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर' के पहले कॉन्सर्ट के दौरान ऐसा खुलासा किया, जिसने हजारों प्रशंसकों को चौंका दिया। लाइव परफॉर्मेंस के बीच उन्होंने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते की घोषणा की और स्टेज पर अपने मंगेतर से सभी को मिलवाया। इस खास पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कॉन्सर्ट के दौरान जैस्मीन अपने लोकप्रिय गानों से दर्शकों का मनोरंजन कर रही थीं। इसी बीच अचानक म्यूजिक धीमा हो गया और उन्होंने एक शख्स का हाथ पकड़कर स्टेज पर बुलाया। इसके बाद जैस्मीन ने मुस्कुराते हुए कहा, "I have a little secret… I have a massive secret." यानी, "मेरे पास एक छोटा-सा राज है, बल्कि बहुत बड़ा राज है।"
'क्या आप शेखर बोल सकते हैं?'
इसके बाद जैस्मीन ने दर्शकों से उत्साह के साथ कहा, "Can you say Shekhar? Can you say Shekhar? Can you say Chaudhary Sahab?" उनके इतना कहते ही पूरा स्टेडियम तालियों और हूटिंग से गूंज उठा। फैंस भी इस खास पल के गवाह बनकर उत्साहित नजर आए।
स्टेज पर किया रिश्ते का ऐलान
इसके बाद जैस्मीन ने अपने रिश्ते का आधिकारिक खुलासा करते हुए कहा, "This is the man who put a ring on it. This is my man, everybody." यानी, "यही वो शख्स हैं जिन्होंने मुझे अंगूठी पहनाई है। यही मेरे जीवनसाथी हैं।"
जैस्मीन के इस ऐलान के बाद स्टेज पर मौजूद दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामे फैंस का अभिवादन किया। इस दौरान दर्शकों ने जोरदार तालियों और सीटियों के साथ उनका स्वागत किया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
कॉन्सर्ट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रशंसक जैस्मीन सैंडलस को नई शुरुआत के लिए बधाई दे रहे हैं। कई फैंस ने इसे उनके करियर और निजी जिंदगी का सबसे यादगार पल बताया।
हालांकि, जैस्मीन सैंडलस ने अभी तक अपनी सगाई या शादी की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। फिलहाल उनके इस सरप्राइज अनाउंसमेंट ने फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है और सोशल मीडिया पर यही पल सबसे ज्यादा चर्चा में बना हुआ है।