जस मानक की इंगेजमेंट का वीडियो वायरल, मंगेतर कोमल तंवर पर उड़ाए नोट, 7 साल की दोस्ती के बाद हुई सगाई
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर जस मानक और फैशन डिजाइनर कोमल तंवर की इंगेजमेंट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जस मानक अपनी मंगेतर पर नोट उड़ाते नजर आ रहे हैं, जिसके बाद उनके इस अंदाज की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।इंगेजमेंट पार्टी के वीडियो में दोनों कपल जस मानक के ही लोकप्रिय गाने ‘लहंगा’ पर डांस करते दिखाई दे रहे हैं। फैंस को दोनों की केमिस्ट्री काफी पसंद आ रही है।
7 साल से दोस्त थे जस मानक और कोमल तंवर
जस मानक और कोमल तंवर करीब 7 साल से एक-दूसरे को जानते हैं। हालांकि, दोनों की दोस्ती के बारे में लंबे समय तक किसी को जानकारी नहीं थी।इस साल जून में पहली बार दोनों की साथ में तस्वीरें सामने आई थीं। इसके बाद जुलाई में दोनों ने सगाई कर ली। कपल ने अपनी इंगेजमेंट सेरेमनी को काफी प्राइवेट रखा था और इसमें केवल करीबी लोग ही शामिल हुए थे।
जस मानक ने शेयर की थी इंगेजमेंट फोटो
इंगेजमेंट के बाद जस मानक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर कर फैंस को इसकी जानकारी दी थी। हालांकि, अब इस प्राइवेट फंक्शन के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं।फैंस ने 10 सितंबर को इंगेजमेंट पार्टी के कुछ वीडियो पोस्ट किए, जिसके बाद यह समारोह चर्चा में आ गया।
ऑरेंज-ब्राउन लहंगे में नजर आईं कोमल तंवर
वायरल वीडियो में कोमल तंवर ऑरेंज-ब्राउन रंग के लहंगे में नजर आ रही हैं। वह अपने अंदाज में डांस करती दिख रही हैं। उनके पीछे जस मानक हाथ में ड्रिंक लिए खड़े दिखाई देते हैं।इसके बाद जस मानक नोटों की गड्डी निकालते हैं और अपनी मंगेतर पर नोट उड़ाते हुए नजर आते हैं। उनका यह अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
फैंस दे रहे हैं कपल को बधाई
वीडियो सामने आने के बाद जस मानक और कोमल तंवर के फैंस उन्हें नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं। दोनों की जोड़ी को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।जस मानक पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के लोकप्रिय सिंगर्स में शामिल हैं। उनके गाने युवाओं के बीच काफी पसंद किए जाते हैं। वहीं, कोमल तंवर फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में सक्रिय हैं।