3089 करोड़ की GST/ITC ठगी का खुलासा: वीडियो में जाने मंडी गोबिंदगढ़ के दो भाइयों पर गंभीर आरोप, 27 फर्जी कंपनियों का जाल
पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ से एक बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा हुआ है, जिसमें दो सगे भाइयों पर फर्जी कंपनियों के जरिए हजारों करोड़ रुपये की टैक्स हेराफेरी करने का आरोप लगा है। जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों ने जरूरतमंद लोगों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर 27 फर्जी कंपनियां बनाईं और करीब 25 बैंक खातों के जरिए लगभग 3089 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेन-देन किया।सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले में सरकार को भी बड़ा नुकसान हुआ है, जहां आरोपियों ने कथित तौर पर 108.49 करोड़ रुपये के इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का गलत तरीके से लाभ उठाया।
ईडी और DGGI की संयुक्त जांच में खुलासा
मामले का पर्दाफाश तब हुआ जब Enforcement Directorate (ED) और Directorate General of Goods and Services Tax Intelligence (DGGI) ने खुफिया जानकारी के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान मंडी गोबिंदगढ़ के कारोबारी अमित कुमार गोयल और मनीष कुमार के रिकॉर्ड खंगाले गए, जिसमें कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।एजेंसियों के अनुसार, दोनों भाइयों ने मंडी गोबिंदगढ़ के ही एक अन्य कारोबारी गौरव अग्रवाल के साथ मिलकर ऐसा नेटवर्क तैयार किया, जिसमें कागजों पर भारी टर्नओवर दिखाया गया, जबकि असल में किसी भी तरह का वास्तविक माल की डिलीवरी नहीं की गई।
मोबाइल डेटा से मिले अहम सबूत
जांच एजेंसियों को इस घोटाले से जुड़े ज्यादातर अहम सबूत आरोपियों के मोबाइल फोन से मिले हैं। डिजिटल रिकॉर्ड और बैंक ट्रांजेक्शन से यह संकेत मिला कि पूरा कारोबार कागजी था और सिर्फ टैक्स क्रेडिट हासिल करने के लिए फर्जी लेन-देन दिखाया गया।
FIR दर्ज, जांच जारी
इस मामले में ईडी ने दोनों भाइयों सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ लुधियाना के थाना जमालपुर में FIR दर्ज करवाई है। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की गहराई से जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस घोटाले से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं।