गोल्डी ढिल्लों ने अमिताभ बच्चन और अभिषेक को दी जान से मारने की धमकी, वीडियो में जाने मुंबई में 200 साथी सक्रिय होने का दावा
गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी दी है। सोशल मीडिया पर साझा की गई पोस्ट में उसने दावा किया कि अमिताभ बच्चन चाहे कितने भी बुलेटप्रूफ सुरक्षा घेरे बना लें, उन्हें गोली मार दी जाएगी। उसने यह भी कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा उसके दो साथियों को गिरफ्तार किए जाने के बावजूद अमिताभ बच्चन को निशाना बनाने की कथित साजिश पर कोई असर नहीं पड़ा है।
उसने मुंबई में अपने करीब 200 साथियों के सक्रिय होने का दावा भी किया है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट की प्रामाणिकता और उसमें किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पोस्ट की जांच कर रही हैं।
दो संदिग्ध शूटर गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित घर जलसा के बाहर गोलीबारी की कथित साजिश के मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान पंजाब के जालंधर निवासी विकास ठाकुर उर्फ विक्की और तरनतारन निवासी दीपक सिंह उर्फ दीप के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, विकास ठाकुर मुंबई से दिल्ली पहुंचा था। उस पर एक कारोबारी को निशाना बनाने की कथित योजना में शामिल होने का आरोप है। जांच में दीपक सिंह की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस को संदेह है कि उसे अमिताभ बच्चन के घर के बाहर हमले की योजना के तहत मुंबई में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए थे।
1984 के सिख दंगों से जुड़ा है धमकी का मामला
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गैंगस्टर अमिताभ बच्चन को वर्ष 1984 के सिख दंगों पर उनकी कथित टिप्पणी को लेकर निशाना बनाना चाहता था। हालांकि, अमिताभ बच्चन ऐसी कोई टिप्पणी करने से इनकार कर चुके हैं। इस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।
अमिताभ के घर को बम से उड़ाने की धमकियां
पिछले एक महीने में अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित घर जलसा को बम से उड़ाने की धमकी वाले तीन ईमेल सामने आ चुके हैं। इन धमकियों के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई है।1 नवंबर को अमिताभ बच्चन जब अपने घर के बाहर प्रशंसकों से मिलने पहुंचे तो वे पहली बार तीन तरफ से बुलेटप्रूफ शीशे से घिरे सुरक्षा घेरे में नजर आए। इस व्यवस्था के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है।