जालंधर में रेस लगा रहे दोस्तों की कार ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी, फुटेज में देंखे 2 युवकों की मौत: म्यूजिक कंपनी मालिक और मिठाई कारोबारी के बेटे थे मृतक; हनी सिंह बोले- मैंने अपना भतीजा खो दिया
पंजाब के जालंधर में सड़क हादसे में दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा पुलिस लाइन के पास स्थित फ्लाईओवर पर हुआ। दोनों युवक एक बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, पार्टी से वापस आने के बाद उन्होंने चंडीगढ़ से आए दोस्तों के साथ कार रेस लगानी शुरू कर दी थी। इसी दौरान उनकी वॉक्सवैगन कार नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार दो युवकों की मौत हो गई।मृतकों की पहचान विदित ओलक और आरव तलवाड़ के रूप में हुई है। विदित मशहूर पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड के मालिक दिनेश ओलक के बेटे थे। वहीं, आरव तलवाड़ जालंधर की सेठ हुकुमचंद कॉलोनी के रहने वाले थे और पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे थे। हादसे की खबर से दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।
एपीजे कॉलेज के पास शुरू की थी रेस
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, दोनों युवक रात को बर्थडे पार्टी में शामिल होने गए थे। पार्टी से लौटने के बाद वे चंडीगढ़ से आए अपने दोस्तों के साथ एपीजे कॉलेज के पास पहुंचे। यहां वॉक्सवैगन, थार और स्कोडा गाड़ियों में सवार युवकों के बीच रेस शुरू हो गई।बताया गया है कि वॉक्सवैगन कार में तीन युवक सवार थे, जबकि थार और स्कोडा में चंडीगढ़ से आए युवक मौजूद थे। रेस के दौरान वॉक्सवैगन कार अनियंत्रित होकर नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा टकराई। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली के ड्राइवर और कार सवार दोस्तों के बीच बहस भी हुई। इसके बाद थार और स्कोडा में सवार युवक वहां से चले गए।
तड़के 3 बजे पुलिस को मिली सूचना
पुलिस को हादसे की सूचना तड़के करीब 3 बजे मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय कार में कितने लोग सवार थे और अन्य गाड़ियों में मौजूद युवकों की क्या भूमिका थी।
हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर जताया दुख
हादसे के बाद मशहूर सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर दुख जताया। उन्होंने लिखा, 'मैंने अपना भतीजा खो दिया।' उनकी इस पोस्ट के बाद संगीत जगत और प्रशंसकों ने भी शोक व्यक्त किया।इस हादसे ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और रेस लगाने के खतरों को सामने ला दिया है। कुछ मिनटों के रोमांच के लिए सड़क पर की गई लापरवाही किस तरह परिवारों की जिंदगी में हमेशा के लिए दुख छोड़ सकती है, जालंधर की यह घटना उसका दर्दनाक उदाहरण है।