दिल्ली के पश्चिम विहार में जिम के बाहर फायरिंग, वीडियो में देंखे 7 राउंड गोलियां चलाईं; लॉरेंस गैंग ने ली जिम्मेदारी का दावा
दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में गुरुवार तड़के उस समय दहशत फैल गई जब एक जिम के बाहर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमलावरों ने मौके पर कम से कम 7 राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग सहम गए।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जिस जिम को निशाना बनाया गया है, वह दिल्ली के राजौरी गार्डन निवासी दो कारोबारियों से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। यह जिम मनोरंजन और फिटनेस क्षेत्र में भी चर्चित रहा है और इसका संबंध पंजाबी सिंगर Guru Randhawa से भी बताया जा रहा है, जो इसके ब्रांड एंबेसडर हैं।
घटना के कुछ ही समय बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें कुख्यात लॉरेंस गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा का नाम भी लिखा गया और सलमान खान को लेकर विवादित संदर्भों का उल्लेख किया गया है। हालांकि, पुलिस ने इस पोस्ट की प्रामाणिकता की जांच शुरू कर दी है।सूत्रों के अनुसार, हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और उन्होंने बिना किसी चेतावनी के जिम के बाहर गोलियां चलाईं। इसके बाद दोनों मौके से तेजी से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने इलाके को घेर लिया और सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
दिल्ली पुलिस की कई टीमें मामले की जांच में जुट गई हैं और गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े एंगल पर भी पड़ताल की जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि फायरिंग का मकसद डर फैलाना और गैंग की दहशत कायम करना हो सकता है।फिलहाल पुलिस ने किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं की है, लेकिन जिम के बाहर गोलीबारी की इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। यह घटना एक बार फिर दिल्ली में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क और संगठित अपराध के बढ़ते खतरे की ओर इशारा करती है, जिस पर पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।