पंजाब PCS मेन्स रिजल्ट पर विवाद, एक परीक्षा हॉल से 11 अभ्यर्थियों का चयन; फुटेज में देंखे छात्रों ने धांधली के लगाए आरोप
पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) की ओर से आयोजित पंजाब सिविल सर्विस (PCS) मेन्स परीक्षा का परिणाम घोषित होते ही विवादों में घिर गया है। बुधवार (4 नवंबर) देर रात जारी हुए रिजल्ट के बाद परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने अनियमितताओं और धांधली के आरोप लगाए हैं। परीक्षार्थियों का दावा है कि परिणाम में कई ऐसी विसंगतियां सामने आई हैं, जिनसे परीक्षा की निष्पक्षता और मूल्यांकन प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अभ्यर्थियों के अनुसार, एक ही परीक्षा हॉल से 10 से 11 उम्मीदवारों का चयन हुआ है। वहीं, एक परीक्षा केंद्र से कुल 24.21 प्रतिशत अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। छात्रों का कहना है कि इतने बड़े स्तर पर एक ही सेंटर से उम्मीदवारों का चयन होना जांच का विषय है।
एक ही परीक्षा हॉल से 11 अभ्यर्थियों के चयन पर सवाल
रिजल्ट जारी होने के बाद अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि एक ही परीक्षा हॉल में बैठे 10 से 11 उम्मीदवारों का चयन हुआ है। इसके अलावा एक ही परीक्षा केंद्र से 24.21 प्रतिशत अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चुना गया है।परीक्षार्थियों का कहना है कि इन आंकड़ों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि चयन प्रक्रिया में सभी उम्मीदवारों को समान अवसर मिला या नहीं।
आंसरशीट के मूल्यांकन में पारदर्शिता नहीं रखने का आरोप
अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया है कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में निर्धारित नियमों और पारदर्शिता का ध्यान नहीं रखा गया। उनका कहना है कि आयोग को मूल्यांकन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए, ताकि उम्मीदवारों के मन में उठ रहे सवालों का जवाब मिल सके।इसके अलावा छात्रों ने एक अन्य विसंगति की ओर भी ध्यान दिलाया है। उनका दावा है कि विज्ञापित पदों की तुलना में निर्धारित तीन गुना उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाना चाहिए था, लेकिन जारी परिणाम में इस नियम का पालन नहीं किया गया।
अनुपस्थित अभ्यर्थियों के रोल नंबर भी रिजल्ट में होने का दावा
परीक्षार्थियों ने यह भी आरोप लगाया है कि जारी परिणाम में कुछ ऐसे उम्मीदवारों के रोल नंबर दिखाई दे रहे हैं, जो परीक्षा में अनुपस्थित थे। अगर यह दावा सही पाया जाता है तो इससे परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं।अभ्यर्थियों का कहना है कि इन सभी विसंगतियों की जांच कराई जानी चाहिए और आयोग को परिणाम से संबंधित पूरी जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए।
राष्ट्रपति, PM और CBI को भेजा ज्ञापन
PCS मेन्स रिजल्ट को लेकर नाराज अभ्यर्थियों ने अपनी शिकायत उच्च स्तर तक पहुंचाई है। उन्होंने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, पंजाब के मुख्यमंत्री और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को ईमेल के जरिए ज्ञापन भेजे हैं।अभ्यर्थियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कथित अनियमितताओं पर स्पष्टीकरण देने की मांग की है। फिलहाल विवाद के बीच पंजाब लोक सेवा आयोग की ओर से लगाए गए आरोपों पर आधिकारिक जवाब और जांच से जुड़ी जानकारी का इंतजार है।