कैप्टन अमरिंदर सिंह का बयान- भाजपा में 4 साल बाद भी नहीं मिला कुछ, वीडियो में बोले- पार्टी को पंजाब समझ नहीं आता
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपनी ही पार्टी को लेकर बड़ा बयान दिया है। एक अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में कैप्टन ने कहा कि उन्हें भाजपा में शामिल हुए करीब 4 साल हो चुके हैं, लेकिन पार्टी में आने के बाद उन्हें कोई खास जिम्मेदारी या भूमिका नहीं मिली। कैप्टन ने कहा कि भाजपा को पंजाब की राजनीति और परिस्थितियों की पूरी समझ नहीं है। उन्होंने दावा किया कि इतने समय में पार्टी की ओर से पंजाब से जुड़े मामलों पर कभी उनसे सलाह नहीं ली गई।
अमृतपाल सिंह की रिहाई को लेकर बोले कैप्टन
खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल सिंह को लेकर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि जेल में रहने से कई बार किसी नेता की लोकप्रियता बढ़ जाती है। उन्होंने अमृतपाल की रिहाई की वकालत करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर अलग नजरिए से विचार करने की जरूरत है।
भगवंत मान पर साधा निशाना
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर कैप्टन ने टिप्पणी करते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री की बजाय एक्टर ज्यादा नजर आते हैं। उन्होंने राज्य सरकार के कामकाज और नेतृत्व शैली पर भी सवाल उठाए।
दोबारा मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर नहीं किया इनकार
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भविष्य में दोबारा मुख्यमंत्री बनने की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया। हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई स्पष्ट राजनीतिक घोषणा नहीं की।उन्होंने कहा कि राजनीति में परिस्थितियां बदलती रहती हैं और भविष्य के फैसले समय के साथ लिए जाते हैं।
राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने पर भी दिया बयान
कैप्टन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बन सकते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में अंतिम फैसला परिस्थितियों और जनता के समर्थन पर निर्भर करता है।
कांग्रेस से अलग होकर भाजपा में आए थे कैप्टन
कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब में कांग्रेस सरकार के दौरान दो बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। साल 2021 में कांग्रेस ने उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटा दिया था। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस से अलग होकर अपनी पार्टी बनाई थी।बाद में उनकी पार्टी का भाजपा में विलय हो गया और वह भाजपा में शामिल हो गए। अब कैप्टन ने पार्टी में अपनी भूमिका, पंजाब की राजनीति और राज्य के मौजूदा हालात को लेकर खुलकर अपनी राय रखी है।