☰
×

सोनिया गांधी की किताब के विमोचन में पहुंचे कैप्टन अमरिंदर सिंह, सीआर पाटिल बोले- ‘सभी स्वतंत्र हैं, कहीं भी जा सकते हैं’

 

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब के विमोचन समारोह में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है। दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम में अमरिंदर सिंह विपक्षी दलों के कई बड़े नेताओं के साथ पहली पंक्ति में बैठे नजर आए। इस पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री और भाजपा नेता सीआर पाटिल ने कहा कि सभी स्वतंत्र हैं और कहीं भी जा सकते हैं।

सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ का औपचारिक विमोचन सोमवार, 16 नवंबर को दिल्ली में हुआ। कार्यक्रम में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहे। इसके अलावा झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और कई अन्य विपक्षी नेता शामिल हुए। कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी इसलिए खास रही, क्योंकि वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

सीआर पाटिल ने क्या कहा?

अमरिंदर सिंह के सोनिया गांधी के कार्यक्रम में पहुंचने को लेकर जब सीआर पाटिल से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, "कौन कहां जाता है, हम किसी को रोक नहीं सकते। सभी स्वतंत्र हैं और कहीं भी जा सकते हैं।" पाटिल ने इस मुलाकात को लेकर किसी तरह की राजनीतिक व्याख्या नहीं की। भाजपा नेता और पंजाब के पूर्व मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने भी अमरिंदर सिंह की मौजूदगी को व्यक्तिगत संबंधों से जुड़ा बताया। उनके अनुसार, अमरिंदर सिंह और गांधी परिवार के बीच लंबे समय से अच्छे निजी संबंध रहे हैं।

कांग्रेस में वापसी की अटकलों पर अमरिंदर का जवाब

कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस में वापसी की अटकलों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार के साथ उनके पुराने और करीबी व्यक्तिगत संबंध हैं। वह इस कार्यक्रम में सामाजिक निमंत्रण पर पहुंचे थे। उन्होंने यह भी बताया कि जब उन्होंने अपनी किताबों का विमोचन किया था, तब सोनिया गांधी भी उनके तीन कार्यक्रमों में शामिल हुई थीं।

गौरतलब है कि अमरिंदर सिंह ने नवंबर 2021 में कांग्रेस छोड़ दी थी। इसके बाद उन्होंने अपनी पार्टी बनाई, जिसका बाद में भाजपा में विलय हो गया। अब सोनिया गांधी के पुस्तक विमोचन समारोह में उनकी मौजूदगी ने पंजाब की राजनीति में नए सिरे से चर्चाओं को जन्म दिया है। हालांकि, अमरिंदर सिंह ने साफ किया है कि इस कार्यक्रम का उनकी राजनीतिक वापसी से कोई संबंध नहीं है।