दूल्हे का चेहरा देखते ही दुल्हन ने शादी से किया इनकार, वीडियो में बोली- जबरदस्ती हुई तो जहर खा लूंगी; राजस्थान से आई थी बारात
पंजाब के फिरोजपुर में मंगलवार को एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब दुल्हन ने दूल्हे को देखते ही शादी करने से इनकार कर दिया। दुल्हन का आरोप था कि शादी से पहले उसे जिस युवक की तस्वीर दिखाई गई थी, मंडप में मौजूद दूल्हा वह नहीं है। दुल्हन के इस फैसले के बाद दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति बन गई और आखिरकार बारात को वापस लौटना पड़ा। बारात राजस्थान से फिरोजपुर पहुंची थी।
दुल्हन के परिजनों ने उसे काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ी रही। उसने साफ कहा कि वह ऐसे युवक से शादी नहीं करेगी, जिसकी तस्वीर उसे पहले नहीं दिखाई गई थी। दुल्हन ने परिवार और समाज के सामने अपने फैसले को स्पष्ट करते हुए कहा कि उसे जिस व्यक्ति के साथ पूरी जिंदगी बितानी है, उसके बारे में वह खुद फैसला करेगी।
दुल्हन बोली- तस्वीर वाला लड़का नहीं है
दुल्हन के मुताबिक शादी तय होने से पहले उसे दूल्हे की एक तस्वीर दिखाई गई थी। तस्वीर देखकर उसने शादी के लिए सहमति दी थी। लेकिन जब बारात लेकर दूल्हा उसके सामने पहुंचा तो उसे चेहरा अलग लगा। इसके बाद उसने शादी से इनकार कर दिया।दुल्हन ने आरोप लगाया कि उसके साथ धोखा किया गया है। उसने परिवार के सदस्यों से कहा कि वह अपनी जिंदगी ऐसे व्यक्ति के साथ नहीं गुजार सकती, जिसे उसने पहले देखा या पसंद नहीं किया था।
जबरदस्ती शादी कराने पर दी चेतावनी
परिजनों और रिश्तेदारों ने दुल्हन को मनाने की काफी कोशिश की। हालांकि दुल्हन अपने फैसले से पीछे हटने को तैयार नहीं हुई। उसने कथित तौर पर चेतावनी दी कि अगर उसके साथ जबरदस्ती की गई और उसकी इच्छा के खिलाफ शादी कराई गई तो वह जहरीली चीज खाकर अपनी जान दे देगी।दुल्हन के इस बयान के बाद परिवार और समाज के लोगों ने भी स्थिति को गंभीरता से लिया। आखिरकार शादी रोक दी गई और राजस्थान से आई बारात को वापस भेज दिया गया।
दूल्हा पक्ष ने आरोपों से किया इनकार
वहीं दूल्हा पक्ष का कहना है कि शादी के लिए जो युवक आया था, वह वही है जिसे दुल्हन को शादी से पहले दिखाया गया था। दूल्हे के परिजनों ने दुल्हन के आरोपों पर सवाल उठाए हैं।दूल्हा पक्ष का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि बिचौलिए और लड़की की मां ने दुल्हन को किस युवक की तस्वीर दिखाई थी। ऐसे में असली तस्वीर क्या थी और दुल्हन को किस आधार पर शादी के लिए तैयार किया गया था, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
शादी समारोह में हुए विवाद के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुल्हन को शादी से पहले किस युवक की तस्वीर दिखाई गई थी और क्या वास्तव में दूल्हे की पहचान को लेकर कोई धोखाधड़ी हुई है।फिलहाल शादी नहीं हो सकी और बारात को वापस लौटना पड़ा। घटना के बाद इलाके में भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दुल्हन के आरोपों में कितनी सच्चाई है और तस्वीर दिखाने में किसकी भूमिका थी।