पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी के बीच बड़ा दांव, फुटेज में जाने राहुल गांधी को बस यात्रा का न्योता; राजा वड़िंग को हटाने की मांग को झटका
पंजाब कांग्रेस में चल रही गुटबाजी के बीच पार्टी ने एकजुटता दिखाने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खेमे आमने-सामने हैं। चन्नी गुट लगातार राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने की मांग कर रहा है। इसी बीच पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल के एक बयान ने चन्नी खेमे की उम्मीदों को झटका दिया है।
20 अगस्त को हाईकमान के साथ बैठक के बाद भूपेश बघेल ने साफ कर दिया कि पंजाब कांग्रेस में फिलहाल बदलाव की जगह विस्तार किया जाएगा। उनके इस बयान से संकेत मिले हैं कि पार्टी नेतृत्व मौजूदा प्रदेश संगठन में तत्काल बदलाव के पक्ष में नहीं है। ऐसे में राजा वड़िंग को हटाने की मांग कर रहे चन्नी गुट के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है।
राहुल गांधी को पंजाब आने का न्योता
पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच पार्टी ने अब एकजुटता का संदेश देने के लिए राहुल गांधी की पंजाब में बस यात्रा कराने की योजना बनाई है। राजा वड़िंग और पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने राहुल गांधी को पंजाब आकर बस यात्रा करने का न्योता दिया है।पार्टी की कोशिश है कि राहुल गांधी की इस संभावित यात्रा के दौरान पंजाब कांग्रेस के सभी प्रमुख नेताओं को एक मंच पर लाया जाए। इसके जरिए कांग्रेस यह संदेश देना चाहती है कि पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी खत्म हो गई है और सभी नेता मिलकर संगठन को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं।हालांकि, फिलहाल पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी को राहुल गांधी की सहमति का इंतजार है। राहुल गांधी की मंजूरी मिलने के बाद ही बस यात्रा का रूटमैप और कार्यक्रम तय किया जाएगा।
4-5 दिन के दौरे की तैयारी
जानकारी के मुताबिक, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी राहुल गांधी से करीब 4 से 5 दिन का समय मांग रही है। पार्टी चाहती है कि इस दौरान राहुल गांधी पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में जाएं और कार्यकर्ताओं व नेताओं के साथ संवाद करें।हालांकि, राहुल गांधी की टीम इतने लंबे दौरे को लेकर पूरी तरह सहमत नहीं बताई जा रही है। ऐसे में अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि राहुल गांधी पंजाब के लिए कितना समय देते हैं और पार्टी की ओर से प्रस्तावित बस यात्रा किस स्वरूप में आयोजित होती है।
चन्नी गुट की मांग पर फिलहाल ब्रेक
पंजाब कांग्रेस में पिछले कुछ समय से प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग और चन्नी मे के बीच मतभेद खुलकर सामने आते रहे हैं। चन्नी समर्थक नेता संगठन में बदलाव की मांग कर रहे हैं और राजा वड़िंग के नेतृत्व पर सवाल उठाते रहे हैं।दूसरी ओर, पार्टी हाईकमान की ओर से फिलहाल नेतृत्व परिवर्तन के बजाय संगठन के विस्तार की बात कही गई है। भूपेश बघेल का बयान इसी दिशा में संकेत माना जा रहा है। इससे राजा वड़िंग को राहत मिली है, जबकि चन्नी खेमे को तत्काल बदलाव की उम्मीदों को झटका लगा है।
अब कांग्रेस नेतृत्व के सामने चुनौती पंजाब में संगठन को एकजुट रखने की है। राहुल गांधी की संभावित बस यात्रा को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। यदि यात्रा में सभी प्रमुख नेता एक साथ दिखाई देते हैं तो पार्टी इसे गुटबाजी खत्म होने के संदेश के तौर पर पेश कर सकती है। हालांकि, राहुल गांधी की मंजूरी और यात्रा की अवधि को लेकर स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही कांग्रेस की इस रणनीति की तस्वीर साफ होगी।