पंजाब के फाजिल्का में भीषण सड़क हादसा, पिकअप और क्रूजर की टक्कर में 5 लोगों की मौत, 11 घायल
पंजाब के फाजिल्का जिले में भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। हादसा पिकअप और क्रूजर वाहन के बीच हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसा रविवार शाम फाजिल्का-फिरोजपुर मार्ग पर थेह कलंदर गांव के पास हुआ। क्रूजर में सवार सभी लोग जलालाबाद उपमंडल के गांव टिवाना कलां के रहने वाले थे। वे फाजिल्का के गांव करनी खेड़ा में एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे पिकअप वाहन से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंचीं। सभी घायलों को फाजिल्का के सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एरिक के अनुसार, हादसे के बाद कुल 16 लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि 11 घायलों का उपचार शुरू किया गया। मृतकों में तीन नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं। चार घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
मृतकों की पहचान देसो बाई, सचिन, जौन, मनप्रीत और गुरलीन कौर के रूप में हुई है। हादसे की जानकारी मिलने पर जलालाबाद के विधायक जगदीप सिंह गोल्डी कंबोज और फाजिल्का के विधायक नरेंद्र पाल सिंह भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।पुलिस अधीक्षक सतिंदर कुमार ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।