बठिंडा में निहंगों ने युवक को पीटा, 18 सेकेंड का वीडियो वायरल; युवक से माफी मंगवाने का दावा, पुलिस जांच में जुटी
पंजाब के बठिंडा जिले के तलवंडी साबो इलाके में एक युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो में दो निहंग युवक को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना करीब तीन दिन पुरानी है, लेकिन इसका वीडियो अब सामने आया है। निहंगों में से एक ने खुद इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया है।वायरल हो रहे करीब 18 सेकेंड के वीडियो में युवक निहंगों के सामने खड़ा नजर आ रहा है और अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांग रहा है। वीडियो की शुरुआत में युवक कहता है, "मैंने बाबा जी के बारे में गलत कहा था। बाबा जी गलत नहीं हैं। मुझसे गलती हो गई थी, आगे से ऐसी गलती नहीं होगी।"
इसके बाद वीडियो में एक निहंग युवक की गर्दन और चेहरे पर थप्पड़ मारता दिखाई देता है। कुछ ही सेकेंड में युवक को कई थप्पड़ लगाए जाते हैं। दावा किया जा रहा है कि 7 सेकेंड के अंदर युवक को 6 थप्पड़ मारे गए। वीडियो में एक निहंग को यह कहते हुए भी सुना जा सकता है, "बोलते हुए शर्म नहीं आई तुझे।"
निहंग ने बताई कार्रवाई की वजह
मामले में निहंग राजू ने दावा किया है कि युवक के खिलाफ कार्रवाई एक विवाहित महिला की शिकायत के बाद की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक ने निहंगों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। निहंग का यह भी कहना है कि युवक उक्त महिला के साथ करीब 5 साल से रिलेशनशिप में था और अब उससे शादी करने से इनकार कर रहा था।निहंगों का दावा है कि इसी मामले को लेकर युवक से पूछताछ की गई और उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। हालांकि, वायरल वीडियो में युवक की पिटाई को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद जांच शुरू
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान समेत घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।कानून विशेषज्ञों के अनुसार, किसी भी विवाद में मारपीट या जबरन सजा देने का अधिकार किसी व्यक्ति या समूह को नहीं है। ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाती है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक की पिटाई किन परिस्थितियों में हुई और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ क्या कानूनी कार्रवाई बनती है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।