शहबाज शरीफ के बयान पर उमर अब्दुल्ला ने सूना डाली खरी-खरी, कहा - 'हमारा अंदरूनी मामला है, पाकिस्तान अपना देखे'
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ को कड़ा जवाब दिया है। शहबाज़ शरीफ़ ने अनुच्छेद 370 को हटाए जाने की बरसी पर दुख जताया था। इस बारे में पूछे जाने पर उमर अब्दुल्ला ने कहा कि पाकिस्तान खुद PoK (पाकिस्तान के कब्ज़े वाले कश्मीर) में मानवाधिकारों का उल्लंघन कर रहा है और उसे वहां की स्थिति सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।
उमर अब्दुल्ला ने क्या कहा?
शहबाज़ शरीफ़ के बयान पर ANI से बात करते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा, "वे ही जम्मू-कश्मीर के उस हिस्से में मानवाधिकारों का उल्लंघन कर रहे हैं जो उनके नियंत्रण में है। उन्होंने हाल ही में कितने लोगों को मारा है? 5 अगस्त को लेकर हमारी अपनी शिकायतें हैं, लेकिन यह हमारा आंतरिक मामला है। इसका पाकिस्तान से कोई लेना-देना नहीं है।"
अब्दुल्ला ने शरीफ़ को आईना दिखाया
उन्होंने पाकिस्तान से कहा कि वह भारत के आंतरिक मामलों में दखल न दे और पाकिस्तान के कब्ज़े वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में मुद्दों को सुलझाने पर ध्यान दे। अब्दुल्ला ने कहा, "उन्हें इन मामलों में दखल देना बंद करना चाहिए। उन्हें उस इलाके में स्थिति सुधारनी चाहिए जिस पर उन्होंने कब्ज़ा कर रखा है। उन्हें वहां रेंजर्स द्वारा किए जा रहे मानवाधिकार उल्लंघनों और हत्याओं को रोकना चाहिए। हम केंद्र सरकार के साथ अपने क्षेत्रीय मुद्दों को सुलझा लेंगे, लेकिन उन्हें हमारे मामलों में दखल नहीं देना चाहिए।"
शहबाज़ शरीफ़ का सपना
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने दावा किया था कि 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर में भारत द्वारा उठाए गए एकतरफा और गैर-कानूनी कदम अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन करते हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को बहाल करने की बात कही। शहबाज़ शरीफ़ ने जम्मू-कश्मीर के बारे में ये टिप्पणियां ऐसे समय में कीं जब पाकिस्तान के कब्ज़े वाले कश्मीर में आम नागरिकों के साथ बेहद क्रूरता की जा रही है - और अभी भी की जा रही है। पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी में दर्जनों लोग मारे गए हैं। चुनावों की आड़ में हिंसा का माहौल है।