×

लव प्रपोजल ठुकराने पर महिला शौचालय में लगाया स्पाई कैमरा, जूनियर क्लर्क गिरफ्तार

 

ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले से एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (DRDA) कार्यालय में तैनात एक जूनियर क्लर्क पर महिला शौचालय में स्पाई कैमरा लगाने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की पहचान संजय अडेखा के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने अपनी एक महिला सहकर्मी को प्रेम प्रस्ताव दिया था, जिसे महिला ने ठुकरा दिया। इसके बाद कथित तौर पर बदला लेने की नीयत से उसने महिला शौचालय में गुप्त कैमरा लगा दिया।

जांच में सामने आया है कि आरोपी मार्च महीने से यूट्यूब वीडियो देखकर निगरानी उपकरणों के बारे में जानकारी जुटा रहा था। इसके बाद उसने ऑनलाइन स्पाई कैमरा खरीदा और उसे महिला शौचालय में फिट कर दिया। आरोप है कि कैमरे से रिकॉर्ड होने वाले वीडियो वह अपने मोबाइल फोन पर देखता था।

मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला कर्मचारियों को शौचालय में संदिग्ध गतिविधि का पता चला और इसकी शिकायत अधिकारियों से की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

तीर्थोल पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्पाई कैमरा, पेन ड्राइव और हार्ड डिस्क समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कितनी रिकॉर्डिंग की गई और उनका इस्तेमाल किस तरह किया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने आरोपी कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।

इस घटना ने कार्यस्थलों पर महिलाओं की निजता और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।