मणिपुर में असम राइफल्स के काफिले पर घात लगाकर हमला, फुटेज में देंखे 2 जवान शहीद; इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
मणिपुर के उखरूल जिले में सोमवार दोपहर असम राइफल्स के काफिले पर संदिग्ध उग्रवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में असम राइफल्स के दो जवान शहीद हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
ड्यूटी से लौटते समय हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, यह हमला सोमवार दोपहर करीब 2 बजे नुंगशांग कोंग के पास हुआ। उस समय 40 असम राइफल्स के जवान अपनी ड्यूटी पूरी कर शांगशाक बटालियन मुख्यालय लौट रहे थे।इसी दौरान घात लगाए बैठे संदिग्ध उग्रवादियों ने काफिले पर अत्याधुनिक हथियारों से अचानक अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। हमलावरों ने विस्फोट भी किए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इलाज के दौरान दो जवानों ने तोड़ा दम
हमले में वारंट ऑफिसर बलवंत सिंह और राइफलमैन सी.एम. सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को तत्काल उखरूल जिले के संगशक स्थित असम राइफल्स कैंप में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।दोनों जवानों के शहीद होने की खबर से सुरक्षा बलों और उनके परिजनों में शोक की लहर है।
शांगशाक कैंप में रखे गए पार्थिव शरीर
शहीद जवानों के पार्थिव शरीर को अंतिम सम्मान के लिए शांगशाक स्थित असम राइफल्स कैंप ले जाया गया है। सैन्य अधिकारियों द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिसके बाद पार्थिव शरीर उनके गृह राज्यों के लिए रवाना किए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। संदिग्ध उग्रवादियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है।सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की पहचान करने और उनके ठिकानों का पता लगाने में जुटी हैं। साथ ही घटना की विस्तृत जांच भी की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी
इस हमले के बाद उखरूल और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुरक्षा बल लगातार इलाके की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी अन्य संभावित हमले को रोका जा सके। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से भी सतर्क रहने और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को देने की अपील की है।