×

तुकाराम मुंढे के 100 दिन का रिपोर्ट कार्ड: 904 छापे, 457 गिरफ्तारियां, 34.7 करोड़ का माल जब्त

 

महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के कमिश्नर के तौर पर IAS अधिकारी तुकाराम मुंढे के करीब 100 दिन पूरे हो चुके हैं। पद संभालने के बाद से ही मुंढे खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और मिलावट के खिलाफ लगातार कार्रवाई को लेकर चर्चा में हैं। इस दौरान FDA की टीम ने छोटे कारोबारियों से लेकर बड़े और चर्चित प्रतिष्ठानों तक पर कार्रवाई की है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इन 100 दिनों में राज्यभर में 904 जगहों पर छापेमारी की गई और 457 गिरफ्तारियां हुईं।

904 जगहों पर छापेमारी

तुकाराम मुंढे ने 25 मई 2026 को महाराष्ट्र FDA कमिश्नर का पद संभाला था। इसके बाद खाद्य पदार्थों में मिलावट, खराब स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर अभियान तेज किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, करीब 100 दिनों में FDA की टीम ने 904 ठिकानों पर छापे मारे। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में नकली, मिलावटी और नियमों का उल्लंघन करने वाले खाद्य उत्पाद बरामद किए गए।

34.7 करोड़ रुपये का सामान जब्त

FDA की कार्रवाई में करीब 34.7 करोड़ रुपये कीमत के खाद्य उत्पाद जब्त किए गए। इनमें कथित तौर पर नकली पनीर, मिलावटी दूध, गलत लेबल वाले खाद्य तेल और हानिकारक सिंथेटिक रंग जैसे उत्पाद शामिल थे। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले 322 प्रतिष्ठानों को सील किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। कार्रवाई के दौरान 457 लोगों की गिरफ्तारी हुई।

बड़े नाम भी कार्रवाई की जद में

मुंढे के कार्यकाल में FDA की जांच सिर्फ छोटे दुकानदारों या स्थानीय प्रतिष्ठानों तक सीमित नहीं रही। रिपोर्ट के मुताबिक, बड़े आउटलेट्स और चर्चित संस्थानों में भी जांच की गई। IIT बॉम्बे और बॉम्बे हाई कोर्ट की कैंटीन तक FDA की कार्रवाई की जद में आईं। कुछ जगहों पर बिना जरूरी लाइसेंस के रसोई संचालन और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कमियां सामने आने की बात कही गई। मुंबई में मैकडॉनल्ड्स और बॉम्बे प्रेसीडेंसी रेडियो क्लब समेत कुछ क्लब-रेस्तरां पर भी स्वच्छता संबंधी कमियों के चलते कार्रवाई की गई थी।

12 हजार से ज्यादा प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई

मुंढे ने हालिया बातचीत में बताया कि मई से अब तक 12,083 प्रतिष्ठानों के खिलाफ FDA की ओर से कदम उठाए गए हैं। इनमें 5,269 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस और 603 के लाइसेंस निलंबित किए जाने की जानकारी दी गई है। इससे साफ है कि FDA ने निरीक्षण और कार्रवाई का दायरा काफी बढ़ाया है।

एक्सपायरी डेट बदलने वाले रैकेट पर भी कार्रवाई

नवी मुंबई में FDA और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नामी ब्रांड के स्नैक्स और रेडी-टू-ईट उत्पादों की एक्सपायरी डेट बदलकर दोबारा पैक किए जाने का मामला भी सामने आया। कार्रवाई के दौरान मैगी, लेज, कुरकुरे और अन्य उत्पाद जब्त किए गए और संबंधित कंपनी का लाइसेंस निलंबित किया गया।

मुंढे बोले- पब्लिक हेल्थ सबसे अहम

लगातार हो रही कार्रवाई के बीच तुकाराम मुंढे ने कहा है कि उनका लक्ष्य लोकप्रियता हासिल करना नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य की रक्षा करना है। उनका जोर खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और नियमों का प्रभावी तरीके से पालन कराने पर है। ऐसे में FDA प्रमुख के तौर पर उनके शुरुआती 100 दिन सख्त निरीक्षण, छापेमारी और कार्रवाई के लिए चर्चा में रहे हैं।