उज्जैन में शाही मस्जिद हटाने के विरोध में तनाव, पथराव के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
उज्जैन में शाही मस्जिद के एक हिस्से को सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाने के प्रस्ताव के विरोध के बीच सोमवार को तनाव की स्थिति बन गई। प्रदर्शन के दौरान पथराव की स्थिति सामने आने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। मस्जिद और उसके आसपास पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण का काम प्रस्तावित है। इसी सड़क की जद में शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा आने की बात प्रशासन की ओर से कही गई है। इसे लेकर स्थानीय लोग और मस्जिद से जुड़े लोग विरोध कर रहे हैं। रविवार से ही बड़ी संख्या में लोग मस्जिद के आसपास जुटे हुए थे।
सोमवार को विरोध के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस द्वारा भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश के बीच पथराव की स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इलाके में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।इससे पहले विरोध कर रही महिलाओं को हटाने के दौरान क्राइम ब्रांच की टीआई पुष्पा पांचाल के हाथ में चोट लगने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस और प्रशासन की ओर से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।
मामले को लेकर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में भी सुनवाई निर्धारित थी। प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण की प्रस्तावित योजना के तहत कुछ धार्मिक स्थलों के हिस्से प्रभावित हो रहे हैं, जबकि मस्जिद से जुड़े लोगों की ओर से इसके खिलाफ आपत्ति जताई जा रही है।फिलहाल शाही मस्जिद के आसपास पुलिस की तैनाती जारी है। प्रशासन की कोशिश स्थिति को नियंत्रित रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की है। मामले में न्यायालय की सुनवाई और प्रशासनिक कार्रवाई पर भी नजर बनी हुई है।