तहव्वुर राणा ने मांगे 26/11 आतंकी हमले से जुड़े खास दस्तावेज, एनआईए को सूची देने के लिए मिला दो सप्ताह का समय
मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा ने मामले से जुड़े कुछ विशेष दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग की है। दिल्ली की विशेष राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) अदालत ने उसकी याचिका स्वीकार करते हुए जांच एजेंसी को ऐसे दस्तावेजों की सूची उपलब्ध कराने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है, जिनका इस्तेमाल आरोपपत्र में साक्ष्य के रूप में नहीं किया गया है।
आरोप तय करने को लेकर चल रही सुनवाई
विशेष एनआईए न्यायाधीश प्रशांत शर्मा की अदालत में सोमवार को इस मामले की सुनवाई हुई। राणा की ओर से दलील दी गई थी कि जांच एजेंसी ने आरोपपत्र के साथ जो दस्तावेज जमा किए हैं, उनमें से कुछ की प्रतियां उसे उपलब्ध कराई जाएं। अदालत ने एनआईए को ऐसे सभी दस्तावेजों की सूची देने का निर्देश दिया है। सोमवार को कुछ दस्तावेज उपलब्ध भी कराए गए।
फिलहाल अदालत में राणा के खिलाफ आरोप तय करने को लेकर दलीलें सुनी जा रही हैं। अदालत की ओर से नियुक्त न्याय मित्र अधिवक्ता निशांत सिंह ने अपनी दलीलें पेश करने के लिए तीन सप्ताह का समय मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 18 दिसंबर को होगी।
अप्रैल 2025 में भारत लाया गया था राणा
तहव्वुर राणा को 10 अप्रैल 2025 को अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया गया था। इसके बाद से वह तिहाड़ जेल में बंद है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने उसे 26/11 मुंबई आतंकी हमले की साजिश से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था। इस हमले में 166 लोगों की मौत हुई थी।
चिकित्सा जांच कराने का भी दिया गया था निर्देश
इससे पहले 14 नवंबर को विशेष अदालत ने तिहाड़ जेल प्रशासन को राणा को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में उसकी जांच कराने का निर्देश दिया था। राणा ने कान, नाक, गले और हड्डियों से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं का हवाला दिया था। अदालत ने जेल नियमों के अनुसार उसे कानून से संबंधित किताबें उपलब्ध कराने की मांग भी स्वीकार की थी।