×

मंदिर हादसे से दहला महाराष्ट्र 7 श्रद्धालुओं की मौत के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन तेज, अब भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका

 

महाराष्ट्र के परभणी जिले के मनावत तालुका के यशवाड़ी देवस्थान में आज शनिवार (20 जून) को बड़ा हादसा हो गया। प्रसिद्ध हनुमान मंदिर के गर्भगृह के सामने एक निर्माणाधीन सभा मंडप की छत अचानक गिर गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में सात श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि 32 अन्य घायल हो गए। फिलहाल घायलों का इलाज चल रहा है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे के वक्त मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे. घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है. शनिवार होने के कारण पूजा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे. कई एम्बुलेंस घटनास्थल पर हैं, और चिकित्सा टीमें तैनात की गई हैं। जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं.

**राहत एवं बचाव कार्य जारी**

राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है. मलबे में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है. घायलों को इलाज के लिए परभणी जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने अभी तक हताहतों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

**मेघना बोर्डिकर ने डीएम और एसपी से किया संपर्क**

हादसे के बाद परभणी की संरक्षक मंत्री मेघना बोर्डिकर ने घटना को गंभीरता से लिया है और स्थिति पर करीब से नजर रख रही हैं। उन्होंने जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) से संपर्क कर उन्हें तुरंत सभी आवश्यक राहत उपकरण और क्रेन मौके पर भेजने का निर्देश दिया. वहीं, एनसीपी विधायक राजेश व्हाइटकर और जिले के अन्य प्रमुख नेताओं ने प्रशासन के अधिकारियों से संपर्क किया है और उन्हें बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया है.