MPSC में रिकॉर्डतोड़ भर्ती की तैयारी, ऑब्जेक्टिव पैटर्न की भी हो सकती है वापसी
महाराष्ट्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए MPSC को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। राज्य सरकार महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग के जरिए होने वाली भर्तियों में पदों की संख्या बढ़ाने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि अगली भर्ती में पदों की संख्या इतनी अधिक हो सकती है कि पिछले सभी रिकॉर्ड पीछे छूट जाएं। सरकार खास तौर पर ग्रुप-C समेत विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, हाल ही में कैबिनेट बैठक में पांच विभागों ने अपने यहां खाली पदों और MPSC के जरिए भर्ती कराए जाने से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की। सरकार सभी विभागों से रिक्त पदों का ब्योरा लेने की प्रक्रिया में है। इसके आधार पर आगामी परीक्षाओं में बड़ी संख्या में पद शामिल किए जाने की तैयारी है।
ऑब्जेक्टिव पैटर्न पर भी विचार
MPSC की परीक्षा पद्धति में बदलाव को लेकर भी सरकार ने अपना रुख स्पष्ट किया है। फिलहाल परीक्षा में वर्णनात्मक यानी डिस्क्रिप्टिव पैटर्न लागू है। इसे दोबारा ऑब्जेक्टिव या बहुविकल्पीय पैटर्न में बदलने की मांग अभ्यर्थियों की ओर से समिति के सामने रखी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर उच्चस्तरीय समिति अपनी रिपोर्ट में ऑब्जेक्टिव पैटर्न बहाल करने की सिफारिश करती है तो सरकार उस पर सकारात्मक रूप से विचार करेगी।
दरअसल, MPSC की परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए महाराष्ट्र सरकार ने एक उच्चस्तरीय समिति बनाई है। समिति छात्रों और अन्य हितधारकों से सुझाव ले रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, समिति को अब तक 20 हजार से अधिक ईमेल मिल चुके हैं। इनमें परीक्षा का निश्चित कैलेंडर, मूल्यांकन में पारदर्शिता, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और परीक्षा प्रक्रिया में सुधार जैसे सुझाव शामिल हैं।
2025 से लागू हुआ था डिस्क्रिप्टिव पैटर्न
MPSC में वर्णनात्मक परीक्षा पद्धति लागू करने का फैसला पहले लिया गया था और इसे 2025 से लागू किया गया। अब अभ्यर्थियों की ओर से फिर से ऑब्जेक्टिव पैटर्न की मांग जोर पकड़ रही है। समिति विभिन्न परीक्षाओं के संबंध में मिल रहे सुझावों का अध्ययन कर रही है।सरकार स्थानीय स्वशासी संस्थाओं में खाली पदों को भरने के लिए अलग व्यवस्था बनाने के विकल्प पर भी विचार कर रही है। हालांकि, MPSC की परीक्षा पद्धति और भर्ती प्रक्रिया में अंतिम बदलाव समिति की रिपोर्ट आने के बाद ही तय किए जाएंगे।इस बीच, बड़ी संख्या में पदों पर भर्ती की तैयारी और परीक्षा पैटर्न में संभावित बदलाव ने MPSC अभ्यर्थियों का ध्यान खींचा है। फिलहाल उम्मीदवारों को समिति की अंतिम सिफारिश और सरकार के फैसले का इंतजार है।