मुंबई लोकल में मामूली विवाद बना जानलेवा, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे दरवाजा खुला रखने को लेकर यात्री की हत्या
मानसून की पहली बारिश के बीच मुंबई लोकल ट्रेन में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। दरवाजा खुला रखने को लेकर हुए झगड़े में एक यात्री की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय मयंक लोहार के रूप में हुई है, जबकि आरोपी घटना के बाद फरार हो गया।
फर्स्ट क्लास डिब्बे में हुई वारदात
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात करीब 10:45 बजे चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल ट्रेन के फर्स्ट क्लास कोच में हुई। ट्रेन अंधेरी और बोरीवली स्टेशन के बीच थी, तभी दो यात्रियों के बीच दरवाजा खुला रखने को लेकर बहस शुरू हो गई।
बहस के दौरान किया चाकू से हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने पास मौजूद धारदार हथियार निकाल लिया और मयंक लोहार के पेट में वार कर दिया। अचानक हुए हमले से डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल मयंक को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
बोरीवली पहुंचने से पहले फरार हुआ आरोपी
बताया जा रहा है कि ट्रेन के बोरीवली स्टेशन पहुंचने से ठीक पहले आरोपी चलती ट्रेन से कूद गया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें यात्रियों के बीच बहस और उसके बाद की अफरा-तफरी देखी जा सकती है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में रेलवे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।इस घटना ने एक बार फिर मुंबई लोकल ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और भीड़भाड़ के बीच बढ़ते विवादों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।