हिंगोली में पेट्रोल पंप सील करना पड़ा महंगा, इंडियन ऑयल के कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या
महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में पेट्रोल पंप को सील करने पहुंचे इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अधिकारी की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, पेट्रोल पंप को सील करने की कार्रवाई के दौरान अधिकारी और पंप संचालक के परिवार के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और इंडियन ऑयल के मैनेजर महेश शेलके पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना हिंगोली के बसमत तहसील के अंबाचोंडी गांव की बताई जा रही है। महेश शेलके इंडियन ऑयल के नांदेड़ सर्किल में मैनेजर रिटेल सेल्स के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह अपनी टीम के साथ पेट्रोल पंप को सील करने और उसका कब्जा लेने पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, यह पेट्रोल पंप करीब तीन महीने से बंद था और हाल में दोबारा संचालित हुआ था।
पंप बंद होने के बाद शुरू हुई थी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, पेट्रोल पंप का संचालन तकनीकी कारणों से लंबे समय से बंद था। इसके बाद कंपनी ने पंप को अपने कब्जे में लेने और उसे सील करने की प्रक्रिया शुरू की थी। इसी सिलसिले में महेश शेलके अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि पंप संचालक के परिवार ने अधिकारियों से कुछ और समय देने की मांग की थी। परिवार की ओर से पंप दोबारा शुरू करने के लिए करीब एक महीने की मोहलत मांगे जाने की बात सामने आई है। हालांकि, अधिकारियों ने कार्रवाई जारी रखने का फैसला किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।
बहस के बाद चाकू से हमला
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने अधिकारियों के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और पथराव किया। इसी दौरान पंप संचालक के बेटे उमेश पांडवीर पर महेश शेलके पर चाकू से हमला करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, शेलके को सात बार चाकू मारा गया। उनके पेट, सीने और पीठ पर गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बुधवार को एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी है। एक अन्य आरोपी की तलाश भी जारी बताई गई है। पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पेट्रोलियम मंत्री ने मांगी सख्त कार्रवाई
घटना के बाद केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने महेश शेलके की हत्या पर दुख जताया और इसे बेहद गंभीर घटना बताया। उन्होंने कहा कि मामले को महाराष्ट्र सरकार और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने उठाया गया है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक जल्द और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इंडियन ऑयल के चेयरमैन एएस साहनी ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि कंपनी इस मामले को महाराष्ट्र सरकार के उच्च अधिकारियों के सामने उठा रही है। कंपनी ने महेश शेलके के परिवार को हरसंभव मदद देने की बात कही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हत्या की वास्तविक वजह, विवाद के दौरान मौजूद सभी लोगों की भूमिका और हमले की पूरी परिस्थितियों को जांच के बाद स्पष्ट किया जाएगा।