भाषा पर राजनीति करना गलत, छत्रपति संभाजी महाराज ने 16 भाषाएं सीखीं… ठाकरे बंधुओं पर शिंदे गुट के विधायक का हमला
महाराष्ट्र में हिंदी को लेकर छिड़े विवाद के बीच एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना के विधायक संजय गायकवाड़ ने रविवार को शिवसेना-यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे पर हमला बोला। छत्रपति संभाजी महाराज को बहुभाषी बताते हुए गायकवाड़ ने कहा, क्या छत्रपति संभाजी महाराज मूर्ख थे कि उन्होंने 16 भाषाएं सीखीं? ताराबाई और जीजाबाई ने भी हिंदी समेत कई भाषाएं सीखीं। क्या वह भी मूर्ख थीं? हमें जितनी संभव हो उतनी भाषाएं सीखनी चाहिए। मंच पर एक साथ आए उद्धव और राज ठाकरे गौरतलब है कि करीब 20 साल पहले अलग हुए दो चचेरे भाई उद्धव और राज ठाकरे ने शनिवार को मुंबई में एक संयुक्त रैली की।
ठाकरे बंधुओं ने देवेंद्र फडणवीस सरकार द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत तीन भाषा नीति पर सरकारी प्रस्तावों को वापस लेने को अपनी 'सफलता' बताया। दोनों भाइयों ने राज्य में हिंदी 'थोपने' और मराठी को 'हाशिए पर' रखने के सरकार के सभी प्रयासों का विरोध करने की कसम खाई। बुलढाणा से विधायक ने ठाकरे बंधुओं पर हमला करते हुए कहा, भाषा के मुद्दे पर राजनीति करना गलत है। अगर हमें आतंकवाद को रोकना है तो हमें उर्दू भी सीखनी चाहिए। इतिहासकारों के अनुसार छत्रपति संभाजी महाराज एक विद्वान राजा थे। वे संस्कृत, मराठी समेत कई भाषाओं के ज्ञाता थे।
पहलगाम आतंकी हमले से तुलना
महाराष्ट्र के मंत्री आशीष शेलार ने राज्य में हिंदी भाषियों पर हो रहे हमले की तुलना पहलगाम आतंकी हमले से की है। उन्होंने रविवार को कहा कि पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों को उनके धर्म के आधार पर निशाना बनाया, जबकि राज्य में लोगों पर भाषाई आधार पर हमला किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा मराठी लोगों के सम्मान की रक्षा करेगी और गैर मराठी निवासियों की भी रक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि मराठी हमारे लिए कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है। हाल ही में इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में मनसे कार्यकर्ताओं को मुंबई के भयंदर इलाके में एक दुकानदार की पिटाई करते देखा जा सकता है, क्योंकि उसने कथित तौर पर मराठी में बात करने से इनकार कर दिया था।
आशीष ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले में लोगों को गोली मारने से पहले उनका धर्म पूछा गया था। यहां लोगों पर उनकी भाषा के आधार पर हमला किया जा रहा है। यह निराशाजनक है। भाजपा नेता नितेश राणे ने मराठी में बात न करने पर निशाना बनाए जाने पर आपत्ति जताई है, जबकि शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे की अगुआई वाली शिवसेना के नेता प्रताप सरनाईक ने कहा कि मराठी मनसे का एकाधिकार नहीं है। गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे।