टिफिन में मेथी की सब्जी लाने पर 50 रुपये का जुर्माना, महाराष्ट्र के स्कूल के फरमान से मचा विवाद
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भायंदर इलाके में एक निजी स्कूल का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल में टिफिन में मेथी की सब्जी लेकर आने वाले एक छात्र पर 50 रुपये का जुर्माना लगा दिया गया। मामले की जानकारी सामने आने के बाद अभिभावकों और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच चर्चा शुरू हो गई। शिकायत मिलने के बाद मीरा-भाईंदर महानगरपालिका के शिक्षा विभाग ने स्कूल को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
मामला भायंदर के इंद्रलोक इलाके में स्थित तपोवन विद्यालय से जुड़ा बताया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, पर्युषण पर्व के दौरान छात्र अपने टिफिन में मेथी की सब्जी लेकर स्कूल पहुंचा था। आरोप है कि स्कूल ने मेथी का भोजन खाने की अनुमति नहीं दी और छात्र से 50 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा छात्रों को स्कूल की कैंटीन से खाना लेने के लिए कहा गया और इसके लिए प्रति छात्र 20 रुपये लिए जाने का भी आरोप है।
बताया गया है कि यह मामला जैन समुदाय के पर्युषण पर्व के दौरान खान-पान से जुड़े नियमों से संबंधित है। पर्युषण के दौरान कई जैन परिवार हरी पत्तेदार सब्जियों और कुछ अन्य खाद्य पदार्थों से परहेज करते हैं। हालांकि, स्कूल द्वारा छात्रों के टिफिन में इस तरह की सब्जियां लाने पर कथित रूप से रोक लगाने और जुर्माना वसूलने को लेकर सवाल उठे हैं।
मामले की शिकायत के बाद मीरा-भाईंदर महानगरपालिका के शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस भेजकर पूरे मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है। अधिकारियों ने कथित तौर पर स्कूल की ओर से छात्रों के भोजन पर लगाए गए प्रतिबंध और जुर्माने को लेकर जवाब मांगा है। फिलहाल स्कूल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यह मामला सामने आने के बाद छात्रों के खान-पान और स्कूलों में धार्मिक मान्यताओं से जुड़े नियम लागू करने को लेकर बहस छिड़ गई है। अब सभी की नजर स्कूल के जवाब और शिक्षा विभाग की आगे की कार्रवाई पर है।