मुंबई के गोरेगांव में कॉन्सर्ट के दौरान ड्रग ओवरडोज से 2 छात्रों की मौत, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे 5 गिरफ्तार
मुंबई के गोरेगांव इलाके में आयोजित एक म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान ड्रग्स के ओवरडोज से दो लोगों की मौत हो गई। यह घटना 11 अप्रैल की रात नेस्को सेंटर में हुई, जहां बड़ी संख्या में युवा इस इवेंट में शामिल हुए थे। मृतकों की पहचान एक युवक और एक युवती के रूप में हुई है, जो दोनों MBA के छात्र बताए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों की मौत ड्रग्स के ओवरडोज के कारण हुई, हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्होंने कौन सा नशीला पदार्थ लिया था।
इस मामले में वनराई पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है और जांच तेज कर दी गई है। पुलिस ने अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक व्यक्ति इस इवेंट के आयोजन से भी जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मृतकों को ड्रग्स उपलब्ध कराने वाला मुख्य आरोपी भी एक छात्र है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के पास से 6 से 7 नशीली गोलियां बरामद की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रग्स की सप्लाई कहां से हो रही थी।
इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था और इवेंट मैनेजमेंट पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर युवाओं के बीच बढ़ते नशे के चलन को लेकर चिंता जताई जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इवेंट के दौरान सुरक्षा और जांच के क्या इंतजाम किए गए थे। फिलहाल, पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।