श्री महाकालेश्वर मंदिर में डिजिटल युग की शुरुआत, वीडियो में देंखे अन्न क्षेत्र में अब ऑनलाइन दान की सुविधा
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नई डिजिटल व्यवस्था शुरू की जा रही है। मंदिर प्रशासन ने अन्न क्षेत्र में ऑनलाइन दान प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है, जिससे भक्त अब घर बैठे ही भोग-प्रसादी के लिए दान कर सकेंगे।मंदिर समिति की सहायक प्रशासक सिम्मी यादव के अनुसार यह व्यवस्था संभवतः अगले सोमवार से शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि अन्न क्षेत्र पूरी तरह से श्रद्धालुओं के दान पर आधारित है और यहां रोजाना हजारों लोगों को भोजन प्रसादी उपलब्ध कराई जाती है।
नई व्यवस्था के तहत दान करने वाले श्रद्धालुओं को एक विशेष अवसर भी मिलेगा। दान करने वाले भक्तों को भोग आरती में भगवान महाकाल को भोग लगाने का पुण्य अवसर प्राप्त होगा, जिसे मंदिर प्रशासन ने आध्यात्मिक अनुभव को और अधिक जोड़ने वाला कदम बताया है।वर्तमान में श्री महाकालेश्वर मंदिर के अन्न क्षेत्र में प्रतिदिन दो शिफ्टों में लगभग 9 हजार श्रद्धालु भोजन प्रसादी ग्रहण करते हैं। बढ़ती श्रद्धालु संख्या और व्यवस्थाओं को अधिक सुचारू बनाने के लिए मंदिर प्रशासन ने ऑनलाइन दान प्रक्रिया को लागू करने का निर्णय लिया है।
दान की राशि भी अलग-अलग श्रेणियों में निर्धारित की गई है। दोनों समय की भोजन प्रसादी के लिए 1 लाख 10 हजार रुपए, एक समय के भोजन के लिए 51 हजार रुपए तथा मीठे प्रसाद के लिए 21 हजार रुपए का दान निर्धारित किया गया है।मंदिर प्रशासन का मानना है कि इस डिजिटल पहल से न केवल दान प्रक्रिया पारदर्शी बनेगी, बल्कि देश-विदेश से जुड़े श्रद्धालु भी आसानी से सेवा कार्य में भाग ले सकेंगे। इससे अन्न क्षेत्र की व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।
स्थानीय श्रद्धालुओं और भक्त समुदाय में इस नई व्यवस्था को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। कई लोगों का मानना है कि यह कदम परंपरा और तकनीक के मेल का एक सकारात्मक उदाहरण है, जिससे धार्मिक सेवाओं को आधुनिक स्वरूप मिलेगा। मंदिर प्रशासन ने यह भी संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में अन्य सेवाओं को भी डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में काम किया जा सकता है, ताकि श्रद्धालुओं को अधिक सुगम और पारदर्शी सुविधाएं मिल सकें।