पत्नी की खूबसूरती बनी कलह की वजह! छतरपुर में पति ने लगाई एसपी से न्याय की गुहार
छतरपुर जिले के ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम भगवंतपुरा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी ही पत्नी पर खूबसूरती के आधार पर उसे छोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस अनोखे प्रकरण की शिकायत लेकर पति विनोद अहिरवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा।
विनोद अहिरवार का कहना है कि उसकी शादी जून 2023 में गोमती अहिरवार से हुई थी, जो उस समय 12वीं पास थी। शादी के बाद विनोद ने पत्नी की पढ़ाई जारी रखने में मदद की और मेहनत करके उसका साथ दिया। लेकिन अब पत्नी उसे छोड़ने की धमकी दे रही है।
विनोद के मुताबिक, पत्नी का व्यवहार शादी के कुछ समय बाद ही बदलने लगा। अब वह यह कहकर साथ रहने से इनकार कर रही है कि वह सुंदर है और उसके लिए और भी बेहतर विकल्प हैं। विनोद ने आरोप लगाया कि पत्नी उसे जान से मारने की धमकी भी देती है।
इस मामले ने न केवल स्थानीय प्रशासन को हैरान कर दिया, बल्कि सामाजिक स्तर पर भी चर्चा छेड़ दी है कि रिश्तों में दिखावा और मानसिकता कैसे गंभीर मोड़ ले सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।