☰
×

केंद्रीय मंत्री अमित शाह रात 12 बजे पहुंचे भोपाल:स्टेट हैंगर पर CM और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने की अगवानी

 

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे भोपाल पहुंचे। दिल्ली में व्यस्त कार्यक्रम के चलते उनके रवाना होने में देरी हुई, जिसके कारण उनका भोपाल पहुंचने का समय भी आगे बढ़ गया। स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने उनकी अगवानी की।

अमित शाह के स्वागत के लिए स्टेट हैंगर पर प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन के कई नेता एवं अधिकारी पहुंचने वाले थे। हालांकि, दिल्ली से उड़ान में देरी होने के कारण पहले से पहुंचे कुछ मंत्री और विधायक वापस लौट गए। बाद में जब शाह भोपाल पहुंचे तो मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, डीजीपी कैलाश मकवाना, भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार और कलेक्टर प्रियंक मिश्रा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

शनिवार को कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे शाह

अमित शाह शनिवार को भोपाल में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके दौरे का प्रमुख कार्यक्रम भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन है। इसमें प्रदेश के अलग-अलग जिलों से 35 हजार से अधिक गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े सदस्य शामिल होने की तैयारी है। भोपाल के अलावा सीहोर, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम समेत कई जिलों से लोग सम्मेलन में पहुंचेंगे।सम्मेलन में पशुपालन, डेयरी और सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं और प्रदेश में किए गए कार्यों की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी जाएगी। इस दौरान दुग्ध उत्पादक किसानों को बोनस वितरण, गौशालाओं को आर्थिक सहायता और गोपालक दीदियों के सम्मान से जुड़े कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।

डेयरी परियोजनाओं से जुड़ी सौगात

शाह के दौरे के दौरान मध्य प्रदेश में डेयरी क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाओं की शुरुआत और जानकारी भी सामने रखी जाएगी। उज्जैन में अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का वर्चुअल भूमि-पूजन प्रस्तावित है। वहीं भोपाल में तैयार फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का शुभारंभ भी कार्यक्रम में शामिल है।

न्याय संहिता प्रदर्शनी का उद्घाटन

अमित शाह भेल दशहरा मैदान में नए आपराधिक कानूनों पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। प्रदर्शनी में नए कानूनों के तहत पुलिस जांच, वैज्ञानिक साक्ष्य और अपराध की जांच से जुड़ी प्रक्रियाओं को आम लोगों के लिए सरल तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा।इसके बाद शाह मध्य प्रदेश सरकार और केंद्रीय गृह मंत्रालय के बीच लंबित विषयों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। नारकोटिक्स से जुड़े मुद्दों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी उनके कार्यक्रम में शामिल है।

IISER में भी कार्यक्रम

दौरे के अंतिम चरण में अमित शाह भौंरी स्थित IISER परिसर जाएंगे। यहां IISER के विस्तारित परिसर के शिलान्यास के साथ स्वामी विवेकानंद की नवनिर्मित प्रतिमा के अनावरण का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके बाद वे स्टेट हैंगर पहुंचकर विशेष विमान से दिल्ली रवाना होंगे।