ट्विशा शर्मा मौत मामला: AIIMS मेडिकल बोर्ड ने CBI को सौंपी अंतिम फॉरेंसिक रिपोर्ट, वीडियो में देंखे वैज्ञानिक जांच के अहम निष्कर्ष सामने आए
भोपाल की अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में जांच एक अहम चरण में पहुंच गई है। दिल्ली स्थित AIIMS के पांच सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने अपनी अंतिम फॉरेंसिक रिपोर्ट केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। सूत्रों के अनुसार, 11 पेज की यह रिपोर्ट 10 जुलाई को सीलबंद लिफाफे में CBI को भेजी गई, जबकि इसकी अनुपालन प्रति मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को भी उपलब्ध कराई गई है। हालांकि, रिपोर्ट को अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट में कथित तौर पर उस जिम बेल्ट से जुड़े महत्वपूर्ण वैज्ञानिक निष्कर्ष शामिल हैं, जिसके फांसी में इस्तेमाल होने की आशंका जताई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया है कि बेल्ट पर मिले स्किन टिश्यू की हिस्टोपैथोलॉजिकल और अन्य लैब जांच के दौरान पुष्टि हुई। इसके अलावा, बेल्ट पर मौजूद निशानों और ट्विशा शर्मा की गर्दन पर मिले लिगेचर मार्क के बीच वैज्ञानिक समानता पाए जाने का भी उल्लेख किया गया है।
एक महीने तक चले वैज्ञानिक परीक्षण
जानकारी के अनुसार, अंतिम रिपोर्ट तैयार करने से पहले मेडिकल बोर्ड के विशेषज्ञों ने करीब एक महीने तक विभिन्न वैज्ञानिक परीक्षण और फॉरेंसिक विश्लेषण किए। इन परीक्षणों में हिस्टोपैथोलॉजी, लैब जांच और अन्य तकनीकी विश्लेषण शामिल थे, ताकि उपलब्ध साक्ष्यों का वैज्ञानिक मूल्यांकन किया जा सके।
दूसरा पोस्टमॉर्टम और घटनास्थल का भी किया था निरीक्षण
दिल्ली AIIMS के मेडिकल बोर्ड ने 24 मई को ट्विशा शर्मा का दूसरा पोस्टमॉर्टम किया था। इसके साथ ही विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया था, ताकि पोस्टमॉर्टम के निष्कर्षों का घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ मिलान किया जा सके। इसी आधार पर अंतिम फॉरेंसिक रिपोर्ट तैयार की गई।
CBI करेगी रिपोर्ट का विश्लेषण
अब यह रिपोर्ट CBI की जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी। एजेंसी रिपोर्ट में शामिल वैज्ञानिक निष्कर्षों का अन्य साक्ष्यों, गवाहों के बयान और फॉरेंसिक सामग्री के साथ मिलान करेगी। इसके आधार पर आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई की दिशा तय की जाएगी।
रिपोर्ट अभी सार्वजनिक नहीं
गौरतलब है कि AIIMS मेडिकल बोर्ड की अंतिम रिपोर्ट फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। अब तक सामने आई जानकारी आधिकारिक तौर पर जारी रिपोर्ट पर नहीं, बल्कि सूत्रों के हवाले से सामने आए दावों पर आधारित है। ऐसे में रिपोर्ट के निष्कर्षों की अंतिम पुष्टि जांच एजेंसी या न्यायिक प्रक्रिया के दौरान ही हो सकेगी।
ट्विशा शर्मा की मौत का मामला शुरू से ही चर्चा में रहा है और इसकी निष्पक्ष जांच की मांग उठती रही है। अब AIIMS की फॉरेंसिक रिपोर्ट सामने आने के बाद इस बहुचर्चित मामले की जांच में नया मोड़ आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, मामले में अंतिम निष्कर्ष CBI की जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगे।