×

कारोबारियों का विरोध प्रदर्शन: नो UPI डे मनाया, क्यूआर कोड पर काला कपड़ा बांधकर जताया विरोध

 

मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) को लेकर कारोबारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बुधवार को कारोबारी संगठनों और दुकानदारों ने नो UPI डे मनाकर डिजिटल भुगतान व्यवस्था में प्रस्तावित 0.4% एमडीआर के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों पर लगे क्यूआर कोड को काले कपड़े से ढककर विरोध दर्ज कराया।

कारोबारियों का कहना है कि यदि केंद्र सरकार ने एमडीआर को लेकर जल्द कोई निर्णय नहीं लिया तो आने वाले समय में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन जेन-जी आंदोलन की तरह व्यापक रूप ले सकता है।

व्यापारी संगठनों का तर्क है कि यूपीआई भुगतान को बढ़ावा देने में छोटे व्यापारियों की अहम भूमिका रही है। ऐसे में डिजिटल लेनदेन पर किसी भी तरह का अतिरिक्त शुल्क लगाने से छोटे दुकानदारों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।

प्रदर्शन के दौरान कारोबारियों ने कहा कि यूपीआई के जरिए होने वाले भुगतान में पहले से ही पारदर्शिता है और इसे आम लोगों के लिए आसान बनाया गया है। उनका मानना है कि एमडीआर लागू होने से छोटे व्यापारियों और ग्राहकों दोनों पर इसका असर पड़ सकता है।

कारोबारियों ने सरकार से मांग की है कि यूपीआई लेनदेन पर एमडीआर लगाने के फैसले पर दोबारा विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए व्यापारियों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, न कि उन पर अतिरिक्त शुल्क का भार डाला जाना चाहिए।

गौरतलब है कि यूपीआई भुगतान को लेकर एमडीआर का मुद्दा पिछले कुछ समय से चर्चा में है। व्यापारी संगठन इस व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं और अपनी मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए अलग-अलग तरीकों से प्रदर्शन कर रहे हैं।