×

मंदसौर में कालाभाटा बांध का गेट खोला गया, शिवना नदी का बढ़ा जलस्तर; रामघाट पर पहुंचा 4 फीट पानी

 

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में लगातार बारिश के चलते जलस्रोतों में पानी की आवक बढ़ने लगी है। शिवना नदी के कैचमेंट क्षेत्र में हुई तेज बारिश के कारण कालाभाटा बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। बांध में पानी का स्तर 21 फीट तक पहुंचने के बाद प्रशासन ने जलस्तर नियंत्रित रखने के लिए बांध का एक गेट 6 इंच तक खोल दिया है।

बांध का गेट खुलने के बाद शिवना नदी में पानी का प्रवाह बढ़ गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने से शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल रामघाट पर भी पानी का स्तर बढ़कर करीब 4 फीट तक पहुंच गया है। प्रशासन लगातार नदी और बांध की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कैचमेंट क्षेत्र में लगातार बारिश होने से बांध में पानी की आवक बढ़ी है। बांध की सुरक्षा और जलस्तर को संतुलित बनाए रखने के लिए समय-समय पर गेट खोलने की प्रक्रिया अपनाई जाती है। फिलहाल एक गेट सीमित मात्रा में खोला गया है, जिससे पानी का नियंत्रित निकासी हो सके।

प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे नदी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सावधानी बरतें। सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित विभागों को भी अलर्ट पर रखा गया है।

बारिश के मौसम में शिवना नदी और कालाभाटा बांध क्षेत्र में जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम और पानी की आवक को देखते हुए आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

स्थानीय लोगों के लिए बांध और नदी का बढ़ता जलस्तर जहां राहत की बात है, वहीं प्रशासन सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। जलस्तर में किसी भी तरह की बढ़ोतरी होने पर तत्काल निर्णय लेकर स्थिति को नियंत्रित किया जाएगा।