पांढुर्णा गोटमार मेले में पत्थरबाजी जारी, फुटेज में देंखे 652 घायल; कांग्रेस विधायक निलेश उईके भी खेल में शामिल
मध्यप्रदेश के पांढुर्णा में आयोजित पारंपरिक गोटमार मेले के दौरान जाम नदी में पत्थरबाजी जारी है। पांढुर्णा और सावरगांव पक्ष के खिलाड़ी झंडे पर कब्जे के लिए आमने-सामने हैं। इस दौरान हुई पत्थरबाजी में अब तक करीब 652 लोग घायल हो चुके हैं। कई लोगों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि 4 खिलाड़ियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।गोटमार मेले की परंपरा के तहत दोनों पक्षों के लोग जाम नदी के बीच लगे झंडे पर कब्जे के लिए एक-दूसरे पर पत्थर बरसाते हैं। इस दौरान सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था के बावजूद बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं।
कांग्रेस विधायक भी पत्थरबाजी में शामिल
इस बार मेले के दौरान पांढुर्णा से कांग्रेस विधायक निलेश उईके भी पत्थरबाजी करते नजर आए। वहीं, कई स्थानीय खिलाड़ी और ग्रामीण इस पारंपरिक आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं।
कई खिलाड़ियों को गंभीर चोटें
पत्थर लगने से कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों में:
- सावरगांव निवासी 33 वर्षीय नितिन भादे का पैर टूट गया।
- 48 वर्षीय प्रह्लाद साहू के कंधे की हड्डी टूट गई।
- पांढुर्णा निवासी 39 वर्षीय सचिन हाटेकर का पैर टूट गया।
- सावरगांव निवासी 30 वर्षीय संजय धारपुरे के सिर और पैर में गंभीर चोट आई है।
गंभीर रूप से घायल संजय धारपुरे और सचिन हाटेकर को इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है।
मेले में बनाए गए 7 अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र
घायलों के इलाज के लिए प्रशासन ने मेला क्षेत्र में व्यापक स्वास्थ्य व्यवस्था की है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 7 अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र बनाए गए हैं।इसके अलावा 44 डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है और 22 एंबुलेंस तैनात की गई हैं। घायल लोगों को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर उन्हें अस्पताल भेजा जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है आयोजन
गोटमार मेला हर साल पांढुर्णा में आयोजित होने वाला पारंपरिक आयोजन है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग हिस्सा लेते हैं। हालांकि, पत्थरबाजी की वजह से हर साल कई लोग घायल होते हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था बढ़ाई जाती है, लेकिन इसके बावजूद हादसे सामने आते रहते हैं।फिलहाल जाम नदी में दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी जारी है और प्रशासन की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है।