अशोक नगर में सनसनीखेज वारदात: वॉट्सऐप फोटो-वीडियो से खुला राज, कार में मिले दो शव, सामने आया खौफनाक सच
मध्य प्रदेश के अशोक नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। यहां वॉट्सऐप पर आए फोटो और वीडियो ने एक ऐसी वारदात का खुलासा किया, जिसके बाद पुलिस को एक कार में दो शव मिले।घटना की शुरुआत 24 जून की रात करीब 9 बजकर 42 मिनट पर हुई, जब अशोक नगर निवासी वर्धमान जैन ने अपने मोबाइल का इंटरनेट ऑन किया। इंटरनेट ऑन होते ही उनके वॉट्सऐप पर 40 से ज्यादा फोटो और तीन वीडियो एक साथ डाउनलोड हुए। ये फोटो और वीडियो उनकी चचेरी बहन मुस्कान जैन के थे, जिसमें वह एक युवक के साथ नजर आ रही थी।
सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि ये फोटो और वीडियो किसी और ने नहीं, बल्कि उसी युवक ने भेजे थे जो तस्वीरों में मुस्कान के साथ दिखाई दे रहा था। युवक की पहचान रितिक सोनी के रूप में हुई है। जैसे ही परिवार ने यह कंटेंट देखा, घर में हड़कंप मच गया।परिजनों ने तुरंत मुस्कान से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन बंद आ रहा था। स्थिति गंभीर होती देख परिवार ने पुलिस को सूचना दी और उसकी तलाश शुरू कर दी गई।
पुलिस ने जांच शुरू करते हुए मोबाइल लोकेशन ट्रेस की, जिसके आधार पर टीम ईसागढ़ रोड स्थित महाना गांव पहुंची। वहां सड़क किनारे खड़ी एक कार की तलाशी लेने पर अंदर का दृश्य देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। कार के भीतर मुस्कान जैन और रितिक सोनी के शव पड़े हुए थे।मौके से पुलिस को एक पिस्टल, कुल्हाड़ी, पेपर कटर, सल्फास की गोलियां, चॉकलेट्स, चप्पल और दो पन्नों का एक नोट भी मिला है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि रितिक सोनी ने पहले मुस्कान की कुल्हाड़ी और पेपर कटर से हत्या की और उसके बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस का कहना है कि बरामद नोट और मोबाइल डेटा की जांच की जा रही है ताकि इस खौफनाक घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके। यह मामला प्रेम संबंध, मानसिक तनाव या किसी विवाद से जुड़ा है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। परिजन सदमे में हैं और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।