बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिगराम गर्ग गिरफ्तार, वीडियो में जाने जमीन विवाद में गोली चलाने का आरोप
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में जमीन विवाद से जुड़े गोलीकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिगराम गर्ग और उनके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को बुधवार शाम हिरासत में लिया गया। इस मामले में कुल चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
जमीन विवाद में चली गोली
पुलिस के अनुसार, यह मामला राजनगर क्षेत्र में गौशाला के पीछे स्थित जमीन को लेकर हुए विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान मोतीलाल कुशवाहा नामक युवक पर हमला किया गया और उसे गोली मार दी गई। घटना मंगलवार की है। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल मोतीलाल को तत्काल छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पीड़ित ने लगाए गंभीर आरोप
घायल मोतीलाल कुशवाहा, जो राजनगर थाना क्षेत्र के कोड़ा गांव का निवासी है, ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि शालिगराम गर्ग उसकी जमीन पर कब्जा करना चाहते थे।मोतीलाल के अनुसार, मंगलवार सुबह शालिगराम गर्ग अपने साथ सतीश सिंह घोष, तुलसी मिश्रा, अंकित मिश्रा, आशीष और अन्य लोगों के साथ उसके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने उसे घर से बाहर खींच लिया और लाठी-डंडों से मारपीट की।पीड़ित का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान शालिगराम गर्ग ने तीन से चार राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उसके सीने में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
मामले की जांच कर रही पुलिस ने बुधवार शाम शालिगराम गर्ग और अंकित मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, इस मामले के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सभी थ्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस जुटी जांच में
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं।अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल युवक का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।