भोपाल के वैज्ञानिकों ने बनाई बर्ड फ्लू की दुनिया की पहली स्वदेशी वैक्सीन, वीडियो में जाने एक डोज की कीमत 1 से 2 रुपए; 6 महीने तक रहेगा असर
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के वैज्ञानिकों ने मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचाने के लिए दुनिया की पहली स्वदेशी वैक्सीन विकसित की है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को इस वैक्सीन को देश को समर्पित किया। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी कम कीमत और लंबे समय तक प्रभावी रहने की क्षमता है। वैक्सीन की एक डोज की कीमत 1 से 2 रुपए के बीच होगी। पहली डोज देने के 21 दिन बाद बूस्टर डोज देनी होगी। इसके बाद वैक्सीन का असर करीब 6 महीने तक रहेगा।
इस वैक्सीन को भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (एनआईएचएसएडी) के वैज्ञानिकों ने तैयार किया है। इस उपलब्धि को देश में पशु चिकित्सा अनुसंधान और पोल्ट्री उद्योग के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। केंद्रीय कृषि मंत्री ने वैज्ञानिकों की मेहनत की सराहना करते हुए वैक्सीन को जल्द बाजार में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
300 करोड़ रुपए की लागत से बनेगी बीएसएल-4 प्रयोगशाला
कार्यक्रम के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल स्थित आईसीएआर-एनआईएचएसएडी में 300 करोड़ रुपए की लागत से बीएसएल-4 प्रयोगशाला बनाने की घोषणा की। यह उच्च सुरक्षा स्तर वाली प्रयोगशाला होगी, जहां खतरनाक संक्रामक रोगों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था के साथ अनुसंधान किया जा सकेगा।उन्होंने बताया कि बर्ड फ्लू की वैक्सीन तैयार करने के दौरान वैज्ञानिकों को बेहद कड़े सुरक्षा नियमों का पालन करना पड़ा। अनुसंधान के दौरान संक्रमण से बचाव के लिए वैज्ञानिकों को विशेष सावधानियां बरतनी पड़ीं।
घर पहुंचने पर 120 लीटर पानी से नहाना पड़ता था
शिवराज सिंह चौहान ने वैज्ञानिकों के काम की कठिन परिस्थितियों का जिक्र करते हुए बताया कि अनुसंधान के दौरान वैज्ञानिकों को सुरक्षा के बेहद सख्त नियमों से गुजरना पड़ा। प्रयोगशाला में काम करने के बाद घर पहुंचने पर उन्हें करीब 120 लीटर पानी से नहाना पड़ता था।इसके अलावा वैज्ञानिकों को अनुसंधान के दौरान अपने घरों में पालतू जानवर रखने की भी मनाही थी। संक्रमण का खतरा किसी भी तरह से बाहर न पहुंचे, इसके लिए हर स्तर पर सावधानी बरती गई। वैज्ञानिकों ने इन तमाम चुनौतियों के बीच वैक्सीन विकसित करने का काम पूरा किया।
एग्रीनोवेट इंडिया के जरिए होगा व्यावसायिक उत्पादन
केंद्रीय कृषि मंत्री ने वैक्सीन को जल्द बाजार में लाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए वैक्सीन बनाने की तकनीक एग्रीनोवेट इंडिया के माध्यम से व्यावसायिक उत्पादन के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। इससे निजी कंपनियां भी इस तकनीक का इस्तेमाल कर बड़े स्तर पर वैक्सीन का उत्पादन कर सकेंगी।इससे पोल्ट्री फार्म संचालकों को कम कीमत पर मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचाने का विकल्प मिल सकेगा। खासकर छोटे और मध्यम स्तर के मुर्गीपालकों को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है।
एच5एन1 वायरस के खिलाफ तैयार की गई वैक्सीन
आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एमएल जाट के मुताबिक, वैज्ञानिकों ने एच5एन1 वायरस के वैरिएंट के खिलाफ यह वैक्सीन विकसित की है। बर्ड फ्लू एक संक्रामक बीमारी है, जो मुख्य रूप से पक्षियों को प्रभावित करती है। इसके प्रकोप से पोल्ट्री उद्योग को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।ऐसे में कम कीमत वाली स्वदेशी वैक्सीन उपलब्ध होने से मुर्गियों को संक्रमण से बचाने में मदद मिल सकती है। वैक्सीन के व्यावसायिक उत्पादन की प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद देश के पोल्ट्री क्षेत्र को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।