×

मैहर में स्कूल में फिल्म दिखाना पड़ा भारी: बिना अनुमति छात्रों को ‘धुरंधर’ दिखाने वाले अतिथि शिक्षक बर्खास्त

 

मध्य प्रदेश के मैहर जिले में सरकारी स्कूल के छात्रों को बिना अनुमति फिल्म ‘धुरंधर’ दिखाना एक अतिथि शिक्षक को भारी पड़ गया। मामले की प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) सलोनी शर्मा ने संबंधित अतिथि शिक्षक की सेवाएं समाप्त (बर्खास्त) करने के आदेश जारी कर दिए।

जानकारी के अनुसार, सरकारी स्कूल में बिना सक्षम अनुमति के विद्यार्थियों को फिल्म दिखाई गई थी। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने इसकी जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में अतिथि शिक्षक की लापरवाही और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई की।

जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा ने बताया कि शासकीय विद्यालयों में किसी भी प्रकार की गतिविधि निर्धारित नियमों और विभागीय अनुमति के अनुसार ही आयोजित की जा सकती है। बिना अनुमति छात्रों को फिल्म दिखाना सेवा नियमों का उल्लंघन माना गया, जिसके चलते संबंधित अतिथि शिक्षक को बर्खास्त कर दिया गया।

शिक्षा विभाग का कहना है कि स्कूलों में विद्यार्थियों के हित और शैक्षणिक अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी कर्मचारी द्वारा नियमों की अनदेखी किए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने मामले की विस्तृत जांच भी जारी रखी है। यदि जांच में अन्य किसी कर्मचारी या अधिकारी की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद जिले के सरकारी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी अतिरिक्त गतिविधि, कार्यक्रम या फिल्म प्रदर्शन से पहले विभागीय अनुमति लेना अनिवार्य होगा। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।