राजा रघुवंशी हत्याकांड: मुख्य आरोपी सोनम ने शिलॉन्ग कोर्ट में किया सरेंडर, फुटेज में देंखे जेल भेजी गई
इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी ने बुधवार को मेघालय के शिलॉन्ग स्थित अदालत में सरेंडर कर दिया। कोर्ट में पेश होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सोनम ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद तय समय सीमा पूरी होने से पहले ही अदालत के सामने आत्मसमर्पण किया। सोनम के सरेंडर के बाद राजा रघुवंशी के परिवार ने इसे न्याय की दिशा में एक अहम कदम बताया। राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने कहा, "मैं मेघालय सरकार को धन्यवाद देता हूं। उनकी वजह से आज हमें न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।"
सुप्रीम कोर्ट ने रद्द की थी सोनम की जमानत
गौरतलब है कि 23 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने सोनम रघुवंशी को मिली जमानत रद्द कर दी थी। शीर्ष अदालत ने उसे आदेश दिया था कि वह तीन हफ्ते के भीतर संबंधित अदालत में सरेंडर करे। हालांकि, इस अवधि के पूरा होने से पहले ही सोनम ने शिलॉन्ग कोर्ट पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि हाईकोर्ट और ट्रायल कोर्ट ने गिरफ्तारी के आधारों की जानकारी दिए जाने में कथित खामियों को आधार बनाकर जमानत देने में गलती की थी। अदालत ने माना कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जमानत आदेश पर दोबारा विचार किया जाना जरूरी था।
6 महीने में ट्रायल पूरा करने का निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने पुलिस और जांच एजेंसियों को निर्देश दिया था कि मामले की सुनवाई और ट्रायल प्रक्रिया को 6 महीने के भीतर पूरा किया जाए। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया था कि यदि निर्धारित समय अवधि में ट्रायल पूरा नहीं हो पाता है तो सोनम रघुवंशी दोबारा जमानत के लिए आवेदन कर सकती है।
हत्याकांड में सोनम पर लगे हैं गंभीर आरोप
राजा रघुवंशी हत्याकांड ने पूरे देश में सुर्खियां बटोरी थीं। इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में पुलिस ने सोनम रघुवंशी को मुख्य आरोपी बताया है। जांच एजेंसियां इस मामले में हत्या की साजिश और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही हैं।सोनम के सरेंडर के बाद अब मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है। अदालत के निर्देश के अनुसार, पुलिस को तय समय में ट्रायल पूरा कराने की दिशा में कार्रवाई करनी होगी।
परिवार को न्याय की उम्मीद
सोनम के अदालत में पेश होने के बाद राजा रघुवंशी के परिवार ने उम्मीद जताई है कि अब मामले की सुनवाई तेजी से आगे बढ़ेगी और दोषियों को सजा मिलेगी। वहीं, जांच एजेंसियां मामले से जुड़े सभी पहलुओं को अदालत के सामने रखने की तैयारी कर रही हैं।अब इस मामले में आगे की सुनवाई और जांच की दिशा पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।