☰
×

2 नवंबर तक नामांकन, 12 नवंबर को होगा मतदान; भाजपा में दावेदारों के नाम पर मंथन

 

राज्यसभा की रिक्त सीट पर उपचुनाव के लिए सोमवार, 26 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो रही है। केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी के चयन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है। पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व उम्मीदवार के नाम पर अंतिम फैसला करेगा।

कई नाम चर्चा में, केंद्रीय नेतृत्व करेगा फैसला

भाजपा में इस सीट के लिए प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के नामों पर चर्चा है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मध्यप्रदेश से बाहर के किसी नेता को भी उम्मीदवार बनाया जा सकता है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम भी संभावित दावेदारों की चर्चा में आया है। हालांकि, भाजपा ने अभी तक किसी उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।प्रदेश के कुछ नेताओं को भी उम्मीद है कि पार्टी इस बार मध्यप्रदेश के किसी नेता को मौका दे सकती है। अनुसूचित जनजाति वर्ग के नेताओं की दावेदारी की भी चर्चा है। अंतिम निर्णय भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को लेना है।

जानिए उपचुनाव का पूरा कार्यक्रम

चुनाव आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 2 नवंबर है। नामांकन पत्रों की जांच 3 नवंबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 5 नवंबर तक नाम वापस ले सकेंगे। जरूरत पड़ने पर 12 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इसी दिन शाम 5 बजे मतगणना निर्धारित है। चुनाव प्रक्रिया 16 नवंबर तक पूरी कर ली जाएगी।

अप्रैल 2030 तक रहेगा कार्यकाल

एल. मुरुगन की राज्यसभा सदस्यता का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक निर्धारित था। उनके इस्तीफे के बाद अब उपचुनाव में जीतने वाले सदस्य को इसी अवधि के शेष समय के लिए प्रतिनिधित्व मिलेगा। भाजपा के पास मध्यप्रदेश विधानसभा में पर्याप्त संख्या बल होने के कारण पार्टी के उम्मीदवार की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। अब सबकी नजर उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा पर है।