रतलाम में नितिन गडकरी की सुरक्षा में चूक, वीडियो में जाने एक्सप्रेस-वे पर काफिले के सामने आए तीन युवक; जांच शुरू
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की सुरक्षा में चूक का मला सामने आया है। गुरुवार दोपहर 8 लेन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर अचानक तीन युवक केंद्रीय मंत्री के काफिले के सामने आ गए। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना रतलाम जिले के शिवगढ़ ब्रिज के पास हुई। हालांकि, गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और काफिले में शामिल वाहन युवकों के पास से निकल गए।
तेज रफ्तार में था केंद्रीय मंत्री का काफिला
जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का काफिला दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से गुजर रहा था। इसी दौरान तीन ग्रामीण अचानक सड़क पार करते हुए काफिले के सामने आ गए।काफिले में शामिल वाहन दूसरी लेन से निकल गए। बताया जा रहा है कि उस समय वाहनों की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी। ऐसे में सड़क पर अचानक लोगों के आ जाने से बड़ा हादसा हो सकता था।घटना के बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई।
ग्रामीणों ने बताई सड़क पार करने की वजह
पुलिस पूछताछ में युवकों ने बताया कि उनके बच्चे हाईवे के दूसरी तरफ स्थित स्कूल में पढ़ते हैं। वे रोजाना की तरह गुरुवार को भी बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे थे।ग्रामीणों के अनुसार, वे सड़क पार करने के लिए वाहनों को रुकने का इशारा कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के काफिले के गुजरने की कोई जानकारी नहीं थी और वे अचानक काफिले के रास्ते में आ गए।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई और एक्सप्रेस-वे पर उस समय ग्रामीणों की मौजूदगी कैसे हुई।साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि क्या काफिले के रूट को लेकर स्थानीय स्तर पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए थे या नहीं।
हाईवे सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे देश के सबसे आधुनिक और तेज रफ्तार हाईवे में शामिल है। ऐसे में इस तरह की घटना ने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।हालांकि, घटना में किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि सुरक्षा में लापरवाही किस स्तर पर हुई थी। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।