×

बारात से लौट रही तूफान और कंटेनर की आमने-सामने टक्कर, नौ बाराती घायल, दो की हालत गंभीर

 

बुरहानपुर जिले में इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर हसनपुरा के पास मंगलवार देर रात हादसा हो गया। निंबोला थाना क्षेत्र के लालमाटी इलाके में बारात से लौट रहे तेज रफ्तार वाहन और कंटेनर के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुखद दुर्घटना में नौ युवक घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि सभी युवक खंडवा में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद बुरहानपुर लौट रहे थे। इसी बीच हसनपुरा के पास तूफान की टक्कर विपरीत दिशा से आ रहे कंटेनर से हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर सड़क किनारे पलट गया और वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचा।

अर्धनग्न और घायल अवस्था में पाया गया
गर्मी के कारण अधिकांश युवा बिना शर्ट के यात्रा कर रहे थे। दुर्घटना के बाद कई घायल युवक सड़क पर अर्धनग्न अवस्था में पड़े मिले। स्थानीय लोगों और हाईवे पेट्रोलिंग टीम की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बुरहानपुर ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें: कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान: मनोज शुक्ला ने मंत्री विजय शाह की नेम प्लेट पर पोता काला रंग

दो युवक गंभीर रूप से घायल
निंबोला थाना प्रभारी राहुल कांबले के अनुसार सभी घायल युवक हसनपुरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के निवासी हैं। गंभीर रूप से घायल दो युवकों में से एक वाहन चालक था। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।