×

MPESB ने ग्रुप-3 सब इंजीनियर भर्ती की परीक्षा की रद्द: 1040 पदों की भर्ती प्रक्रिया निरस्त, नए पद जुड़ने के बाद जारी होगा नया विज्ञापन

 

मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने समूह-3 उपयंत्री, मानचित्रकार और अन्य समकक्ष पदों के लिए शुरू की गई संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 की मौजूदा प्रक्रिया रद्द कर दी है। मंडल ने भर्ती की नियमपुस्तिका के साथ ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को भी निरस्त कर दिया है। अब अलग से संशोधित नियमपुस्तिका और नया विज्ञापन जारी किया जाएगा।

1040 पदों पर शुरू हुई थी भर्ती

MPESB ने 18 अगस्त 2026 को समूह-3 संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 का विज्ञापन जारी किया था। इसके तहत सब इंजीनियर, मानचित्रकार और अन्य समकक्ष पदों पर कुल 1040 रिक्तियों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई थी। अभ्यर्थियों से 18 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन मांगे जा रहे थे।

हालांकि, विज्ञापन जारी होने के बाद विभिन्न विभागों और उनके शासकीय उपक्रमों से सब इंजीनियर के अतिरिक्त रिक्त पदों को भरने के लिए नए मांग पत्र MPESB को प्राप्त हुए। मंडल अब इन अतिरिक्त पदों को भी इसी भर्ती प्रक्रिया में शामिल करना चाहता है।

रूल बुक और आवेदन प्रक्रिया दोनों निरस्त

नई रिक्तियों को शामिल करने के कारण MPESB ने पहले जारी की गई नियमपुस्तिका और आवेदन प्रक्रिया को निरस्त करने का फैसला लिया है। मंडल की ओर से 24 अगस्त को जारी महत्वपूर्ण सूचना में इसकी जानकारी दी गई है।

अब सभी विभागों से प्राप्त अतिरिक्त मांग पत्रों को शामिल करने के बाद भर्ती की संशोधित नियमपुस्तिका तैयार की जाएगी। इसके बाद नया विज्ञापन जारी होगा और उसी में नई परीक्षा तारीखों की जानकारी दी जाएगी।

पहले आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को फिर भरना होगा फॉर्म

इस फैसले का सबसे बड़ा असर उन अभ्यर्थियों पर पड़ेगा, जिन्होंने 18 अगस्त से शुरू हुई प्रक्रिया में आवेदन कर दिया था। पुराना आवेदन नए विज्ञापन में मान्य नहीं होगा। संशोधित विज्ञापन जारी होने के बाद पहले आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को भी दोबारा ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

हालांकि अभ्यर्थियों के लिए राहत की बात यह है कि पुराने आवेदन में जमा की गई परीक्षा फीस वापस की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को नए विज्ञापन में दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा।

नई परीक्षा तारीख बाद में होगी घोषित

MPESB ने फिलहाल नई परीक्षा की तारीख घोषित नहीं की है। अतिरिक्त पदों को शामिल करने के बाद संशोधित नियमपुस्तिका और नया विज्ञापन जारी किया जाएगा। इसी के साथ नई आवेदन तारीख, पात्रता संबंधी नियम और परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी सामने आएगी।

अभ्यर्थी क्या करें?

अभ्यर्थियों को फिलहाल दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है। उन्हें MPESB की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले नए विज्ञापन और संशोधित नियमपुस्तिका का इंतजार करना चाहिए। नया विज्ञापन जारी होते ही पुराने आवेदनकर्ताओं को नए सिरे से आवेदन करना होगा।

इस बदलाव से एक ओर जहां अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया दोबारा पूरी करनी पड़ेगी, वहीं दूसरी ओर अतिरिक्त रिक्त पद जुड़ने से कुल पदों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इससे सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए अवसर भी बढ़ सकते हैं।