☰
×

सिंहस्थ 2028 से पहले MP पुलिस तैयार करेगी 250 कमांडो, NSG की तर्ज पर भोपाल में बनेगा ट्रेनिंग सेंटर; चार बड़े शहरों में होगी तैनाती

 

उज्जैन में वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ मेले की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस ने बड़ी तैयारी की है। सिंहस्थ से पहले पुलिस नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) की तर्ज पर 250 कमांडो तैयार करेगी। इन जवानों को भोपाल के तूमड़ा में प्रस्तावित काउंटर टेररिज्म ट्रेनिंग सेंटर में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद इन कमांडो को सिंहस्थ की सुरक्षा ड्यूटी में लगाया जाएगा।

प्रस्तावित ट्रेनिंग सेंटर के निर्माण के लिए शासन से सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है। करीब 200 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस सेंटर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा चुकी है। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2027-28 के राज्य बजट में राशि का प्रावधान किए जाने की तैयारी है।

NSG मानेसर और ग्रेहाउंड सेंटर की तर्ज पर होगा निर्माण

तूमड़ा में बनने वाले इस सेंटर को NSG के मानेसर स्थित प्रशिक्षण केंद्र और आंध्र प्रदेश-तेलंगाना के ग्रेहाउंड प्रशिक्षण केंद्रों की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। मध्य प्रदेश पुलिस की टीमें इन प्रशिक्षण केंद्रों का दौरा भी कर चुकी हैं।

यह केंद्र मध्य भारत में आतंकवाद और उग्रवादी गतिविधियों से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण का प्रमुख संस्थान बनेगा। यहां एक समय में 100 जवानों को प्रशिक्षण देने की सुविधा विकसित की जाएगी। जरूरत पड़ने पर दूसरे राज्यों की पुलिस को भी यहां प्रशिक्षण दिया जा सकेगा।

सिंहस्थ के बाद चार शहरों में तैनात होंगे 200 कमांडो

इन 250 कमांडो की तैनाती केवल सिंहस्थ मेले तक सीमित नहीं रहेगी। मेला समाप्त होने के बाद 200 कमांडो को प्रदेश के चार बड़े शहरों में स्थायी रूप से तैनात किया जाएगा। इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में 50-50 कमांडो की तैनाती होगी। बाकी 50 कमांडो तूमड़ा स्थित प्रशिक्षण केंद्र में रहेंगे।

किसी बड़े आतंकी हमले, उग्रवादी गतिविधि या गंभीर सुरक्षा चुनौती की स्थिति में इन टीमों को जरूरत के अनुसार संबंधित स्थान पर भेजा जा सकेगा। इससे प्रदेश के प्रमुख शहरों में त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

ATS, STF और SAF के जवानों को भी मिलेगा प्रशिक्षण

प्रस्तावित केंद्र में केवल नए कमांडो ही नहीं, बल्कि पुलिस की विशेष इकाइयों के जवानों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा। इसमें आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS), स्पेशल टास्क फोर्स (STF), विशेष सशस्त्र बल (SAF) की क्विक रिस्पांस टीम और जिला पुलिस की विशेष इकाइयां शामिल होंगी।

प्रशिक्षण का उद्देश्य आतंकवाद विरोधी अभियानों, आपात स्थितियों और गंभीर सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की क्षमता विकसित करना है। साथ ही अलग-अलग पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर भी जोर दिया जाएगा।

सिंहस्थ 2028 में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना को देखते हुए राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करने में जुटे हैं। कमांडो ट्रेनिंग सेंटर इसी तैयारी का हिस्सा है।